Wednesday , 9 September 2026

Delhi Crime: नरेला के प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस में बड़ा एक्शन, रोहिणी में 14 राउंड गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के 3 शूटर ढेर; दो के पैर में लगी गोली

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला इलाके में दो दिन पहले हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार (42) हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शूटरों को दबोच लिया। रोहिणी इलाके में बदमाशों को घेरने के दौरान दोनों तरफ से करीब 14 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो मुख्य शूटर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

बुलेटप्रूफ गाड़ी से उतरते ही जिम के बाहर भून डाला था

नरेला निवासी प्रमोद कुमार इलाके के जाने-माने कारोबारी थे। वह ‘मुकुल गार्डन’ नाम से मशहूर बैंक्वेट हॉल के मालिक थे और ‘मुकुल प्रॉपर्टीज’ के बैनर तले रियल एस्टेट का बड़ा कारोबार संभालते थे। जांच में सामने आया है कि प्रमोद को लंबे समय से गैंगस्टर्स की तरफ से रंगदारी के लिए लगातार धमकियां मिल रही थीं। जान का खतरा देखते हुए वह अपने दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी से ही आवाजाही करते थे। दो दिन पहले सुबह जब वह रोजाना की तरह वर्कआउट के लिए जिम पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे शूटरों ने उन पर नजर रखी। जैसे ही प्रमोद अपनी बुलेटप्रूफ गाड़ी से उतरकर जिम के गेट की तरफ बढ़े, बदमाशों ने उन्हें संभलने का एक मौका भी नहीं दिया और अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उनकी जान ले ली।

रोहिणी में पुलिस ने घेरा, सरेंडर के बजाय बदमाशों ने झोंक दी फायरिंग

हत्याकांड के तुरंत बाद एक्टिव हुई स्पेशल टीमों ने मुखबिर तंत्र और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए शूटरों की लोकेशन रोहिणी क्षेत्र में ट्रेस की। रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने इलाके की सख्त घेराबंदी कर बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया और हथियार डालकर सरेंडर करने की चेतावनी दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में तुरंत मोर्चा संभाला और सटीक जवाबी फायरिंग की। 14 राउंड गोलियों की बौछार के बीच मुख्य शूटर दीपक पहलवान और नीतिक के पैरों में गोली लगी और वे जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी सहित तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

विदेश में बैठे हिमांशु भाऊ ने रची खूनी साजिश, पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद

दिल्ली पुलिस की प्राथमिक तफ्तीश में पुष्टि हो गई है कि इस हत्याकांड के तार विदेश में बैठकर क्राइम सिंडिकेट चला रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ से जुड़े हैं। रंगदारी की मांग पूरी न होने के चलते प्रमोद कुमार की हत्या की सुपारी दी गई थी। घायल दोनों शूटरों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस उनसे कड़ाई से पूछताछ में जुटी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि प्रमोद से रंगदारी की कितनी रकम वसूली जानी थी, हत्या की पूरी साजिश में लोकल स्तर पर किसने रेकी की थी और भाऊ सिंडिकेट के और कौन-कौन से गुर्गे इस वारदात में शामिल रहे हैं।

Check Also

‘मैं भागा नहीं, 1992 से ब्रिटेन का निवासी हूं’: विजय माल्या ने ‘भगोड़ा’ कहे जाने पर फिर उठाए सवाल, 14,131 करोड़ की वसूली का दिया हवाला

भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या ने एक बार फिर खुद को ‘भगोड़ा’ कहे जाने पर …