Friday , 3 July 2026

बिल्हौर में खाकी शर्मसार: अमेठी में तैनात सिपाही ने दहेज के लिए गर्भवती पत्नी को पेट में मारी लात, कोख उजड़ी; ससुर पर छेड़छाड़ का भी आरोप, 7 पर FIR

कानपुर (बिल्हौर) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर क्षेत्र से खाकी को कलंकित करने वाला एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बाहर कानून की हिफाजत करने का दंभ भरने वाले एक सिपाही का घर के भीतर बेहद हैवानियत भरा चेहरा उजागर हुआ है। दहेज के लालच में अंधा हुए सिपाही ने अपनी दो महीने की गर्भवती पत्नी को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके पेट पर लात मारकर उसे घर से बाहर निकाल दिया, जिससे उसकी कोख उजड़ गई। पीड़िता का आरोप है कि इस खौफनाक जुल्म में उसका पूरा ससुराल साथ खड़ा रहा और उसके ससुर ने तो मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए बहू के साथ छेड़छाड़ तक की। पीड़िता का गर्भपात होने के बाद जब मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, तो बिल्हौर कोतवाली में आरोपी सिपाही समेत परिवार के 7 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

शादी में दिए थे 15 लाख कैश और जेवर, अगले ही दिन मांग ली कार

अरौल थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसका विवाह नवंबर 2022 में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के गुलरहा खंड कुरेह निवासी तनुज कुमार से हुआ था। तनुज उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाही (कांस्टेबल) के पद पर तैनात है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग अमेठी जिले में है। पीड़िता के मुताबिक, उसके परिवार ने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में करीब 15 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, भारी मात्रा में सोने के जेवर और पूरी गृहस्थी का सामान दिया था। लेकिन लालची ससुराल वालों की भूख इससे भी शांत नहीं हुई। विदाई के अगले ही दिन पति और सास-ससुर ने नई कार खरीदने के लिए मायके से 10 लाख रुपये और लाने की नई शर्त रख दी।

पति ड्यूटी पर गया तो ससुर ने की छेड़छाड़, शिकायत करने पर मिला टॉर्चर

विवाहिता ने आरोप लगाया कि जब उसने इतनी बड़ी रकम असमर्थता जताते हुए देने से मना किया, तो पति तनुज, ससुर रामदास, सास बिट्टन देवी, जेठ मनोज कुमार और ननदें मान्या, मान्यता व रूबी देवी ने मिलकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर ससुर रामदास ने उसके साथ घर के भीतर छेड़छाड़ की। जब पीड़िता ने इस घिनौनी करतूत की शिकायत फोन पर अपने सिपाही पति तनुज से की, तो रक्षक बनने के बजाय उसने अपनी पत्नी को ही डांटा और ससुर के खिलाफ मुंह बंद रखने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये का इंतजाम करने का दबाव बनाया।

महिला कांस्टेबल संग पति की आपत्तिजनक तस्वीरें देख खुला राज, पेट पर मारी लात

पीड़िता के मुताबिक, जुल्म का यह सिलसिला लगातार चलता रहा। इसी बीच अक्टूबर 2025 में विवाहिता को अपने सिपाही पति तनुज के मोबाइल फोन में विभाग की ही एक अन्य महिला कांस्टेबल (सिपाही) के साथ बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें और चैट मिलीं। जब उसने पति के इस नाजायज रिश्ते का विरोध किया, तो पूरे ससुराल पक्ष ने उसे घेर लिया। दो महीने की गर्भवती होने के बावजूद हैवान बने सिपाही पति और उसके परिवार ने उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान उसके पेट पर जानबूझकर तेज लात मारी गई और अगले ही दिन उसे पहने हुए कपड़ों में घर से धक्के देकर निकाल दिया गया। मायके पहुंचकर जब पीड़िता ने असहनीय दर्द के बाद अल्ट्रासाउंड कराया, तो डॉक्टरों ने बताया कि चोट के कारण गर्भस्थ शिशु की धड़कन रुक चुकी है, जिसके चलते भारी मन से उसका गर्भपात (Abortion) कराना पड़ा।

मायके जाकर भी की मारपीट, सिपाही समेत परिवार के 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज

पीड़िता ने बताया कि उसकी कोख उजाड़ने के बाद भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। बीती 17 दिसंबर 2025 को पति तनुज, जेठ मनोज और ससुर रामदास उसके मायके बहरामपुर जा धमके। वहां भी उन्होंने अपनी कार की मांग दोहराई और जब लड़की के परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने घर में घुसकर विवाहिता और उसके माता-पिता के साथ भी जमकर मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिल्हौर कोतवाल सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर आरोपी सिपाही तनुज कुमार, ससुर रामदास, सास बिट्टन देवी, भाई मनोज कुमार और ननदें मान्या, मान्यता व रूबी देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है और आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी व विभागीय कार्रवाई के लिए अमेठी पुलिस को भी पत्राचार किया जा रहा है।

Check Also

महोबा में खौफनाक ‘इश्क का अंत’: गैर बिरादरी होने पर शादी से मुकरे घरवाले, तो प्रेमी जोड़े ने पहले भरी मांग, फिर आम के पेड़ से लटककर दी जान

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चरखारी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने …