
ब्यूरो, हैदराबाद तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन की तैयारियों के बीच रविवार दोपहर सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया। चारमीनार जोन क्षेत्र में स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल से अचानक मांस के टुकड़े नीचे फेंके जाने के बाद इलाके में भारी आक्रोश और तनाव फैल गया। यह घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। मामले की संवेदनशीलता को भांपते हुए हैदराबाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया। घटना की भनक लगते ही चारमीनार जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) खरे किरण भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर रिमांड की तैयारी घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शुरुआती पड़ताल के बाद संबंधित अपार्टमेंट के फ्लैट से तीन लोगों को फौरन हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान कुरैशी, अर्शिया बेगम और सबीना के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
आयोजकों ने दर्ज कराई लिखित शिकायत, कड़ी कार्रवाई की मांग घटना के बाद गणेश उत्सव समिति के आयोजकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को औपचारिक तहरीर व मांग पत्र सौंपा। आयोजकों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और शांतिपूर्ण माहौल को दूषित करने का आरोप लगाते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाने की गुहार लगाई है। डीसीपी खरे किरण ने स्पष्ट किया कि आयोजकों की शिकायत और फोरेंसिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में शांति बहाल, पुलिस ने दी अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी पुलिस की मुस्तैदी और दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों के सकारात्मक सहयोग से क्षेत्र में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। तनावपूर्ण स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। डीसीपी खरे किरण ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हो रही किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं या अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली फर्जी खबरें, भड़काऊ पोस्ट या वीडियो साझा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध साइबर व आपराधिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
voice of india