Saturday , 21 February 2026

मध्य प्रदेश के जबलपुर में बवाल: आरती के दौरान लाउडस्पीकर को लेकर भिड़े दो पक्ष, मंदिर पर पथराव के बाद भारी तनाव, 15 हिरासत में

Jabalpur violence 1771558825833 16

जबलपुर (सिहोरा)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले का सिहोरा इलाका गुरुवार रात अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सिहोरा के आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर में जब श्रद्धालु मां की आरती में लीन थे, तभी लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया। उपद्रवियों ने मंदिर पर पथराव किया और जमकर तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फिलहाल स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरती की आवाज पर आपत्ति और फिर तांडव

घटना सिहोरा के वार्ड नंबर 5, आजाद चौक की है। बताया जा रहा है कि दुर्गा मंदिर के ठीक सामने मदीना मस्जिद स्थित है। गुरुवार रात जब मंदिर में आरती चल रही थी, तभी दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने स्पीकर की आवाज तेज होने पर आपत्ति जताई। बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि आक्रोशित युवकों ने मंदिर की ग्रिल तोड़ने की कोशिश की। देखते ही देखते दर्जनों उपद्रवी हाथों में लाठी-डंडे और पत्थर लेकर सड़क पर उतर आए और पथराव शुरू कर दिया।

मंदिर-मस्जिद आमने-सामने होने से बढ़ा तनाव

इस इलाके की संवेदनशीलता का मुख्य कारण मंदिर और मस्जिद का ठीक आमने-सामने होना है। रमजान का महीना शुरू होने के कारण क्षेत्र में पहले से ही सतर्कता बरती जा रही थी, लेकिन इस झड़प ने माहौल को और गरमा दिया। पथराव की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतर आए, जिससे दोनों पक्षों के बीच हिंसक टकराव की स्थिति बन गई। उपद्रवियों ने न केवल मंदिर को निशाना बनाया बल्कि आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ सिहोरा

हंगामे की खबर मिलते ही जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, कलेक्टर और एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आला अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को खदेड़ा। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि दो गुटों के बीच ईंट-पत्थर चले हैं, हालांकि कोई बड़ी जनहानि या गंभीर चोट की खबर नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 15 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

CCTV खंगाल रही पुलिस, दोषियों पर होगी FIR

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके। एसपी के मुताबिक, उपद्रवियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरे सिहोरा में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।

Check Also

Anaya bangar 1771561336463 16

परफेक्ट स्विंग, क्लीन बोल्ड! अनाया बांगर की घातक गेंदबाज़ी देख फैंस हैरान, बोले– टीम इंडिया में डेब्यू कब?

नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर और कोच संजय बांगर की बेटी अनाया …