
दुबई/जोहान्सबर्ग। आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने वनडे विश्व कप 2027 के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह 50 ओवर का क्रिकेट महाकुंभ 2 अक्तूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा। 51 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और तीनों देशों के 12 मैदानों पर कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का आगाज 2 अक्तूबर को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में सुपर सीरीज के साथ होगा, जबकि खिताबी जंग 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग के मैदान पर लड़ी जाएगी।
24 साल बाद अफ्रीकी सरजमीं पर लौटा विश्व कप, नामीबिया पहली बार बना मेजबान
क्रिकेट का सबसे बड़ा 50-ओवर टूर्नामेंट पूरे 24 वर्षों बाद अफ्रीकी धरती पर वापसी कर रहा है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने संयुक्त रूप से साल 2003 के विश्व कप की सफल मेजबानी की थी। हालांकि, इस बार नामीबिया पहली बार किसी सीनियर पुरुष आईसीसी वनडे विश्व कप का सह-मेजबान बना है। मुकाबलों के आयोजन के लिए कुल 12 वेन्यू तय किए गए हैं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के 8 मैदान, जिम्बाब्वे के 3 मैदान और नामीबिया का 1 वेन्यू शामिल है।
सुपर सीरीज से सुपर-7 तक: समझें टूर्नामेंट का नया फॉर्मेट
साल 2023 के वनडे विश्व कप की तुलना में इस बार का टूर्नामेंट एकदम अलग और रोमांचक फॉर्मेट में खेला जाएगा। 2023 में 10 टीमों ने राउंड-रॉबिन के तहत एक ही ग्रुप में मुकाबले खेले थे, लेकिन 2027 में 14 टीमों को नॉकआउट से पहले तीन मुख्य चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले तीन निचली रैंकिंग वाली टीमों के बीच ‘सुपर सीरीज’ होगी। इसके बाद 12 टीमों का मुख्य ग्रुप स्टेज और फिर सात टीमों का ‘सुपर-7’ दौर खेला जाएगा। अंत में सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
भारत-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में, 10 अक्तूबर को जोहान्सबर्ग में भिड़ंत
ग्रुप चरण के लिए टीमों को दो अलग-अलग वर्गों (ग्रुप ए और ग्रुप बी) में बांटा गया है। क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान को एक बार फिर ग्रुप ए में रखा गया है। टीम इंडिया 7 अक्तूबर को केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जबकि बहुप्रतीक्षित भारत-पाक मुकाबला 10 अक्तूबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
ग्रुप वर्गीकरण
-
ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-ए
-
ग्रुप बी: दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और क्वालिफायर-बी
(नोट: टूर्नामेंट में 10 टीमें पहले ही अपनी जगह बना चुकी हैं, बाकी दो टीमों का फैसला क्वालिफायर मुकाबलों के बाद होगा)।
कैसा रहेगा तीनों चरणों का सफर?
-
सुपर सीरीज (2 से 6 अक्तूबर): टूर्नामेंट के पहले दौर में सबसे निचली रैंकिंग वाली तीन टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर खेलेंगी। इस चरण की विजेता टीम मुख्य ग्रुप स्टेज में पहुंचेगी।
-
ग्रुप स्टेज (7 से 24 अक्तूबर): 12 टीमें छह-छह के दो ग्रुपों में बंटकर 30 मैच खेलेंगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर नेट रन रेट वाली एक टीम सुपर-7 में प्रवेश करेगी।
-
सुपर-7 राउंड (25 अक्तूबर से 14 नवंबर): इस दौर में सातों टीमें राउंड-रॉबिन के आधार पर आपस में कुल 21 मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
-
सेमीफाइनल व फाइनल: पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केप टाउन, दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को श्वाणे (सेंचूरियन) और फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होगा।
2023 और 2027 के विश्व कप फॉर्मेट में मुख्य अंतर
-
टीमें: 2023 में 10 टीमें थीं, 2027 में कुल 14 टीमें होंगी।
-
कुल मुकाबले: 2023 में 48 मैच खेले गए थे, जबकि 2027 में 57 मैच होंगे।
-
फॉर्मेट संरचना: 2023 में सिर्फ सिंगल लीग चरण था, जबकि 2027 में सुपर सीरीज, मुख्य ग्रुप स्टेज और सुपर-7 जैसे तीन अलग-अलग चरण होंगे।
टिकटों के लिए बैलेट रजिस्ट्रेशन शुरू
टूर्नामेंट के पूरे कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही टिकटों के लिए आधिकारिक बैलेट प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। क्रिकेट प्रेमी आईसीसी के पोर्टल पर टिकट बैलेट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। यह व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं है, बल्कि निर्धारित समय सीमा में मिले सभी वैध आवेदनों पर समान रूप से विचार किया जाएगा।
वनडे विश्व कप 2027: पूरा मैच शेड्यूल
| तारीख | मुकाबला | स्थान |
| शनिवार, 2 अक्तूबर 2027 | QF1 बनाम QF3 (सुपर सीरीज) | विंडहोक |
| सोमवार, 4 अक्तूबर 2027 | QF1 बनाम QF2 (सुपर सीरीज) | विंडहोक |
| बुधवार, 6 अक्तूबर 2027 | QF2 बनाम QF3 (सुपर सीरीज) | विंडहोक |
| गुरुवार, 7 अक्तूबर 2027 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | केप टाउन |
| शुक्रवार, 8 अक्तूबर 2027 | पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान | श्वाणे (सेंचूरियन) |
| शुक्रवार, 8 अक्तूबर 2027 | इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश | विंडहोक |
| शनिवार, 9 अक्तूबर 2027 | जिम्बाब्वे बनाम क्वालिफायर-ए | बुलावायो |
| शनिवार, 9 अक्तूबर 2027 | दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड | केप टाउन |
| रविवार, 10 अक्तूबर 2027 | भारत बनाम पाकिस्तान | जोहान्सबर्ग |
| रविवार, 10 अक्तूबर 2027 | श्रीलंका बनाम क्वालिफायर-बी | विंडहोक |
| सोमवार, 11 अक्तूबर 2027 | जिम्बाब्वे बनाम अफगानिस्तान | बुलावायो |
| मंगलवार, 12 अक्तूबर 2027 | ऑस्ट्रेलिया बनाम क्वालिफायर-ए | पार्ल |
| मंगलवार, 12 अक्तूबर 2027 | न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश | कुगोम्पो सिटी (ईस्ट लंदन) |
| बुधवार, 13 अक्तूबर 2027 | इंग्लैंड बनाम श्रीलंका | विंडहोक |
| बुधवार, 13 अक्तूबर 2027 | दक्षिण अफ्रीका बनाम क्वालिफायर-बी | पार्ल |
| गुरुवार, 14 अक्तूबर 2027 | भारत बनाम अफगानिस्तान | श्वाणे (सेंचूरियन) |
| शुक्रवार, 15 अक्तूबर 2027 | पाकिस्तान बनाम क्वालिफायर-ए | ब्लोमफोंटेन |
| शुक्रवार, 15 अक्तूबर 2027 | जिम्बाब्वे बनाम ऑस्ट्रेलिया | हरारे |
| शनिवार, 16 अक्तूबर 2027 | श्रीलंका बनाम बांग्लादेश | डरबन |
| शनिवार, 16 अक्तूबर 2027 | दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड | गेकेबरहा (पोर्ट एलिजाबेथ) |
| रविवार, 17 अक्तूबर 2027 | भारत बनाम क्वालिफायर-ए | ब्लोमफोंटेन |
| रविवार, 17 अक्तूबर 2027 | न्यूजीलैंड बनाम क्वालिफायर-बी | हरारे |
| सोमवार, 18 अक्तूबर 2027 | ऑस्ट्रेलिया बनाम अफगानिस्तान | कुगोम्पो सिटी (ईस्ट लंदन) |
| मंगलवार, 19 अक्तूबर 2027 | जिम्बाब्वे बनाम पाकिस्तान | हरारे |
| मंगलवार, 19 अक्तूबर 2027 | दक्षिण अफ्रीका बनाम बांग्लादेश | डरबन |
| बुधवार, 20 अक्तूबर 2027 | न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका | जोहान्सबर्ग |
| बुधवार, 20 अक्तूबर 2027 | इंग्लैंड बनाम क्वालिफायर-बी | हरारे |
| गुरुवार, 21 अक्तूबर 2027 | अफगानिस्तान बनाम क्वालिफायर-ए | कुगोम्पो सिटी (ईस्ट लंदन) |
| शुक्रवार, 22 अक्तूबर 2027 | ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान | पार्ल |
| शुक्रवार, 22 अक्तूबर 2027 | दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका | जोहान्सबर्ग |
| शनिवार, 23 अक्तूबर 2027 | इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड | गेकेबरहा (पोर्ट एलिजाबेथ) |
| शनिवार, 23 अक्तूबर 2027 | बांग्लादेश बनाम क्वालिफायर-बी | श्वाणे (सेंचूरियन) |
| रविवार, 24 अक्तूबर 2027 | जिम्बाब्वे बनाम भारत | विक्टोरिया फॉल्स |
| सोमवार, 25 अक्तूबर 2027 | A2 बनाम B3 (सुपर-7) | जोहान्सबर्ग |
| मंगलवार, 26 अक्तूबर 2027 | B1 बनाम A3 (सुपर-7) | गेकेबरहा |
| बुधवार, 27 अक्तूबर 2027 | B2 बनाम AB4 (सुपर-7) | श्वाणे |
| गुरुवार, 28 अक्तूबर 2027 | A1 बनाम A2 (सुपर-7) | विक्टोरिया फॉल्स |
| शुक्रवार, 29 अक्तूबर 2027 | B1 बनाम B3 (सुपर-7) | कुगोम्पो सिटी |
| शनिवार, 30 अक्तूबर 2027 | A3 बनाम AB4 (सुपर-7) | विक्टोरिया फॉल्स |
| रविवार, 31 अक्तूबर 2027 | B2 बनाम A1 (सुपर-7) | जोहान्सबर्ग |
| सोमवार, 1 नवंबर 2027 | A2 बनाम B1 (सुपर-7) | विक्टोरिया फॉल्स |
| मंगलवार, 2 नवंबर 2027 | B3 बनाम AB4 (सुपर-7) | केप टाउन |
| बुधवार, 3 नवंबर 2027 | B2 बनाम A3 (सुपर-7) | डरबन |
| गुरुवार, 4 नवंबर 2027 | A1 बनाम B1 (सुपर-7) | पार्ल |
| शुक्रवार, 5 नवंबर 2027 | A2 बनाम AB4 (सुपर-7) | डरबन |
| शनिवार, 6 नवंबर 2027 | B2 बनाम B3 (सुपर-7) | ब्लोमफोंटेन |
| रविवार, 7 नवंबर 2027 | A1 बनाम A3 (सुपर-7) | केप टाउन |
| सोमवार, 8 नवंबर 2027 | B1 बनाम AB4 (सुपर-7) | डरबन |
| मंगलवार, 9 नवंबर 2027 | B2 बनाम A2 (सुपर-7) | गेकेबरहा |
| बुधवार, 10 नवंबर 2027 | A3 बनाम B3 (सुपर-7) | ब्लोमफोंटेन |
| गुरुवार, 11 नवंबर 2027 | A1 बनाम AB4 (सुपर-7) | गेकेबरहा |
| शुक्रवार, 12 नवंबर 2027 | B2 बनाम B1 (सुपर-7) | केप टाउन |
| शनिवार, 13 नवंबर 2027 | A2 बनाम A3 (सुपर-7) | ब्लोमफोंटेन |
| रविवार, 14 नवंबर 2027 | A1 बनाम B3 (सुपर-7) | डरबन |
| बुधवार, 17 नवंबर 2027 | सेमीफाइनल 1 | केप टाउन |
| गुरुवार, 18 नवंबर 2027 | सेमीफाइनल 2 | श्वाणे (सेंचूरियन) |
| रविवार, 21 नवंबर 2027 | फाइनल | जोहान्सबर्ग |
voice of india