
राजधानी दिल्ली आज विश्व राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र बन गई है। 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का आज शनिवार से औपचारिक रूप से भव्य आगाज हो रहा है। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में दुनिया भर के कद्दावर नेताओं का जमावड़ा शुरू हो चुका है। पहले ही दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ अहम द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस पूरे घटनाक्रम में दुनिया की निगाहें शाम 5:45 बजे होने वाली प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आमने-सामने की बैठक पर टिकी हैं। चीनी राष्ट्रपति भारत के लिए उड़ान भर चुके हैं। इससे पहले शुक्रवार को पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से अलग-अलग मुलाकात कर विभिन्न रणनीतिक मुद्दों पर विमर्श किया था।
सुबह से बैठकों का दौर, राष्ट्रपति मुर्मू से मिलेंगे ईरानी समकक्ष
शिखर सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री का शेड्यूल बेहद व्यस्त रहने वाला है। कूटनीतिक बैठकों की शुरुआत सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली के साथ वार्ता से होगी। इसके ठीक बाद सुबह 10:30 बजे मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बैठक तय है। सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और सुबह 11:30 बजे वियतनाम के शीर्ष नेता ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय संवाद होगा। इसी दौरान राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन शिष्टाचार और कूटनीतिक मुलाकात करेंगे।
भारत मंडपम में ‘फैमिली फोटो’ और गाला डिनर
दोपहर 2 बजे सभी ब्रिक्स सदस्य देशों के शीर्ष नेताओं का भारत मंडपम के लेवल-2 पर औपचारिक आगमन होगा। दोपहर 2:35 बजे समिट हॉल के भीतर “समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को सुदृढ़ बनाना” (Inclusive Global Governance and Strengthening Multilateralism) विषय पर गोपनीय व बंद सत्र का आयोजन किया जाएगा। शाम 4:25 बजे सभी राष्ट्रप्रमुख हॉल-14 में ‘भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी’ देखने पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5:05 बजे लॉन में पारंपरिक ‘फैमिली फोटो’ सेशन होगा, जिसे 5:10 बजे होने वाले संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में ही मोदी-जिनपिंग की बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता होगी। दिनभर के कार्यक्रमों का समापन रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री की मेजबानी में लेवल-3 पर आयोजित भव्य ‘गाला डिनर’ के साथ होगा।
दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, कलर कोडिंग से समझें रूट मैप
सम्मेलन की सुरक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शनिवार सुबह 9:30 बजे से लेकर रात 9:30 बजे तक लुटियंस दिल्ली, भारत मंडपम और उनसे जुड़े प्रमुख मार्गों पर यातायात कड़ाई से नियंत्रित और डायवर्ट रहेगा। दिल्ली पुलिस के एडवाइजरी मैप में सेंट्रल दिल्ली की कंट्रोल्ड सड़कों, नो-एंट्री जोन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी गई है। जारी नक्शे में वैकल्पिक रास्तों को नीले रंग, कंट्रोल्ड सड़कों को नारंगी रंग, पूरी तरह प्रतिबंधित इलाकों को बैंगनी रंग और डायवर्जन पॉइंट्स को लाल स्टार के निशान से दर्शाया गया है ताकि आम वाहन चालकों को जाम व पाबंदियों से बचने में आसानी हो सके।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों का पहरा, भारी बारिश की चेतावनी
कूटनीतिक हलचल के बीच शिखर सम्मेलन के पहले दिन मौसम का मिजाज भी बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में अगले दो दिनों तक तेज रफ्तार हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। बदलते मौसम के बीच सुरक्षा और प्रशासनिक अमला किसी भी तरह की जलभराव या अन्य समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
voice of india