Monday , 15 June 2026

बागपत में खून से सना रिश्ता: नशेड़ी देवर ने भाभी की ईंट से पीट-पीटकर की हत्या, रोंगटे खड़े कर देगी वजह

9d89a6843d542b5fd748ceef50ee509e

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के सांकरोद गांव में एक कलयुगी देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। नशे की हालत में हुए मामूली विवाद के बाद आरोपी ने सिर पर ईंटों से वार कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। मृतका की महज दो साल पहले शादी हुई थी और उसकी गोद में चार माह की मासूम बच्ची है, जिसके सिर से माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

मामूली कहासुनी और फिर खूनी तांडव

सांकरोद गांव निवासी नवीन की शादी दो वर्ष पूर्व चंचल के साथ हुई थी। बुधवार की देर शाम जब नवीन अपनी दुकान पर गया हुआ था, तभी घर में मौजूद उसके मंझले भाई साहिल का अपनी भाभी चंचल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, साहिल शराब के नशे में धुत था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर साहिल ने पास ही पड़ी ईंट उठाकर चंचल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चंचल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

छत से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी

भाभी की हत्या करने के बाद आरोपी साहिल ने मौके से फरार होने के लिए घर की छत से छलांग लगा दी। इस कोशिश में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आरोपी को पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही खेकड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

चार माह की मासूम के सिर से उठा ममता का आंचल

इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका चंचल की चार महीने की एक छोटी बेटी है, जो अब अपनी माँ के प्यार के लिए तरसेगी। नवीन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने आरोपी देवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई

खेकड़ा कोतवाली प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि आरोपी साहिल ने अपनी भाभी की हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है, जिसके बाद उसे जेल भेजा जाएगा।

Check Also

राजस्थान में बेची जा रही थीं यूपी की बेटियां ! लखनऊ पुलिस ने किया इंसानी सौदागरों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, दंपति समेत 6 गिरफ्तार

मोहनलालगंज (लखनऊ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे मोहनलालगंज इलाके में पुलिस ने नाबालिग …