Sunday , 27 September 2026

राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा का परचम: 10 में से 9 निगमों में खिले ‘कमल’, जयपुर, जोधपुर और कोटा में भी मेयर पद पर कब्जा

जयपुर।  राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रचंड जीत हासिल की है। प्रदेश के 10 नगर निगमों में से 9 पर भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस केवल बीकानेर नगर निगम में ही अपना मेयर बनाने में कामयाब रही। प्रतिष्ठा की जंग मानी जा रही जयपुर, जोधपुर और कोटा की तीनों प्रमुख सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने भारी अंतर से जीत दर्ज कर कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया।

राजधानी जयपुर में भाजपा के सुनील कोठारी ने जीत हासिल कर नए मेयर के रूप में अपनी जगह पक्की की। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र जोधपुर में बीजेपी उम्मीदवार प्रसन्न चंद मेहता ने शानदार विजय हासिल की। शिक्षा नगरी कोटा में भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी ने मेयर पद पर कब्जा जमाया।

10 में से 9 निगमों में भगवा, कांग्रेस सिर्फ बीकानेर में सिमटी

इन तीन बड़े महानगरों में जीत का परचम लहराने के साथ ही भाजपा ने प्रदेश के दस नगर निगमों में से नौ सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की। कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और पार्टी सिर्फ बीकानेर में ही अपना बोर्ड और मेयर बनाने में सफल हो सकी। इस एकतरफा नतीजे ने शहरी मतदाताओं के बीच सत्ताधारी दल की मजबूत पकड़ को फिर से साबित कर दिया है।

कोटा में बड़ा उलटफेर: कांग्रेस पार्षदों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप

कोटा नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी का सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सुमन से था। मतदान के दौरान कांग्रेस खेमे में बड़ी सेंधमारी की बात सामने आई है।

दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस और उसके समर्थित पार्षदों ने खुलकर क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। नतीजों में अनुसुइया गोस्वामी को कुल 65 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पास अपने 39 पार्षदों और 1 निर्दलीय का समर्थन था। कांग्रेस पार्षदों की इस क्रॉस वोटिंग ने विपक्षी खेमे में भारी खलबली मचा दी है।

‘शहर को सुंदर और हरा-भरा बनाना प्राथमिकता’: नवनिर्वाचित मेयर अनुसुइया गोस्वामी

कोटा से नवनिर्वाचित मेयर अनुसुइया गोस्वामी ने अपनी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जीत का पहले से पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, “हमारे पार्षदों को कभी किसी बाड़ेबंदी में नहीं बांधा गया। मैंने पहले ही कहा था कि हमारे पक्ष में 80 फीसदी वोटिंग होगी।”

उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा, “मेरी सबसे पहली प्राथमिकता कोटा को सुंदर, स्वच्छ और हरा-भरा बनाना है। इस शानदार विजय के लिए मैं पार्टी नेतृत्व, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल राठौड़, लोकसभा स्पीकर, हमारे आदरणीय छोटे भाई और कोटा की देवतुल्य जनता की हृदय से आभारी हूं।”

सीएम भजनलाल शर्मा बोले- राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपुर आकर करेंगे अभिनंदन

निकाय चुनावों में मिली इस बड़ी कामयाबी पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खुशी जाहिर की। सीएम ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल जयपुर के दौरे पर आ रहे हैं। निकाय चुनावों में भाजपा की इस शानदार जीत के उपलक्ष्य में वे सभी नवनिर्वाचित स्थानीय निकाय अध्यक्षों और नगर निगमों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और उनका अभिनंदन करेंगे।

Check Also

आसमान से दिखा कुदरत का अजब खेल: ISRO के INSAT-3DS ने खींची तस्वीर, दो हिस्सों में बंटा दिखा भारत का मौसम

नई दिल्ली।  भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अत्याधुनिक मौसम उपग्रह ‘इनसेट-3डीएस’ (INSAT-3DS) ने अंतरिक्ष …