Friday , 23 October 2026

Bihar Political Crisis: पटना की सड़कों पर हाई-वोल्टेज ड्रामा! फफक-फफक कर रोए JDU नेता, बोले- ‘नीतीश बाबू को नामांकन नहीं भरने देंगे, चाहे जान….

Bihar

पटना। बिहार की राजनीति में आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले राजधानी पटना ‘सियासी अखाड़े’ में तब्दील हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर ने जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच वो तूफान खड़ा कर दिया है, जिसकी कल्पना खुद नीतीश बाबू ने भी नहीं की होगी। मुख्यमंत्री आवास (1, अणे मार्ग) के बाहर सुबह से ही सैकड़ों समर्थकों का जमावड़ा है। माहौल ऐसा है कि हर तरफ चीख-पुकार और आंसू नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़कर गुहार लगा रहे हैं कि “साहब, हमें अनाथ मत छोड़िए।”

“हमारी होली मातम में बदल गई” – फूट-फूटकर रोए दिग्गज नेता

मुख्यमंत्री आवास के बाहर का नजारा दिल दहला देने वाला है। जेडीयू के कद्दावर नेता राजीव रंजन पटेल कैमरे के सामने ही फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने रुंधे गले से कहा, “कल से जब से ये खबर चली है, बिहार के किसी जेडीयू कार्यकर्ता ने होली नहीं मनाई। हमारे घरों में चूल्हे नहीं जले। हमने लाठियां खाईं, खून-पसीना बहाया ताकि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री देख सकें। आज बिना कार्यकर्ताओं से पूछे उन्हें दिल्ली भेजा जा रहा है, यह बर्दाश्त के बाहर है।”

आक्रोशित कार्यकर्ताओं का गुस्सा अब सहयोगी दल भाजपा (BJP) पर भी फूट रहा है। राजीव रंजन पटेल ने इशारों-इशारों में भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, “अगर किसी को लगता है कि उनके चेहरे में इतनी ताकत है कि वो नेतृत्व बदल सकते हैं, तो आज ही विधानसभा भंग करो और चुनाव करा लो। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। हम नीतीश कुमार को नामांकन भरने नहीं जाने देंगे। अगर राज्यसभा जाना ही है, तो उनके बेटे निशांत कुमार को भेजा जाए।”

सीएम आवास के बाहर भारी सुरक्षा, बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश

बिगड़ते हालातों को देखते हुए पटना पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है और बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता बार-बार बैरिकेड्स तोड़कर अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने नीतीश कुमार के नाम पर घर-घर जाकर वोट मांगे थे, किसी और के लिए नहीं।

नामांकन का आखिरी दिन: अमित शाह की मौजूदगी में होगा फैसला?

आज यानी 5 मार्च, राज्यसभा नामांकन का आखिरी दिन है। सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार आज जेडीयू की ओर से पर्चा दाखिल कर सकते हैं। वहीं, भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी आज ही नामांकन भरेंगे। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद पटना में मौजूद रहेंगे। शाह की मौजूदगी में होने वाला यह ‘पावर गेम’ बिहार की राजनीति की अगली दिशा तय करेगा।

क्या झुकेंगे नीतीश कुमार?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अपने वफादार कार्यकर्ताओं के इन आंसुओं को देखकर नीतीश कुमार अपना फैसला बदलेंगे? या फिर बिहार में ‘नीतीश युग’ का अंत होकर भाजपा के नए नेतृत्व की शुरुआत होगी? अगले कुछ घंटे बिहार के भविष्य के लिए निर्णायक होने वाले हैं।

Check Also

यूपी में वोटर लिस्ट पर महासंग्राम: EPIC नंबर वही, लेकिन रातों-रात बदल गए 13 हजार से ज्यादा मतदाताओं के नाम; चुनाव आयोग का ताबड़तोड़ एक्शन

लखनऊ/पीलीभीत उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने से पहले ही मतदाता …