Wednesday , 22 April 2026

UP ATS का बड़ा खुलासा : 8 बैंक खातों में आ रहा था ‘जिहाद’ का पैसा, QR कोड से हुआ खेल….अब ‘पंजाब कनेक्शन’ की तलाश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को खून से नहलाने की एक और नापाक साजिश को यूपी एटीएस (UP ATS) ने समय रहते नाकाम कर दिया है। एटीएस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। पकड़े गए संदिग्ध आतंकी सीधे तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर नाच रहे थे। इनका मकसद भीड़भाड़ वाले इलाकों में धमाके करना और रेलवे नेटवर्क को ठप कर बड़ी जनहानि करना था। इस आतंकी नेटवर्क को चलाने के लिए सरहद पार से लगातार फंडिंग भेजी जा रही थी।

8 बैंक खातों में आ रहा था ‘जिहाद’ का पैसा, QR कोड से हुआ खेल

जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने पैसे भेजने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। एटीएस को आठ ऐसे संदिग्ध बैंक खातों का पता चला है, जिनमें क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए पैसे मंगवाए जा रहे थे। ये खाते आरोपियों के करीबियों और रिश्तेदारों के नाम पर थे ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके। अब तक की जांच में करीब दो लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई है। एटीएस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी आठों खातों को सीज कर दिया है।

आलमनगर से हुई थी गिरफ्तारी: मेरठ और नोएडा के ‘स्लीपर सेल’ बेनकाब

इस पूरी साजिश की परतें 2 अप्रैल को खुलनी शुरू हुईं, जब एटीएस ने लखनऊ के आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मेरठ के रहने वाले साकिब और अरबाब, और गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के लोकेश और विकास के रूप में हुई है। पूछताछ में इन लोगों ने कबूला कि वे लखनऊ समेत यूपी के कई बड़े शहरों में दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे।

खौफनाक था प्लान: रेलवे सिग्नल और सिलेंडर लदे ट्रकों को फूंकने की थी तैयारी

आतंकियों का प्लान किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा था, लेकिन असल में यह बेहद घातक था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि:

  • रेलवे सिग्नल बॉक्स: वे सिग्नल सिस्टम के साथ छेड़छाड़ कर ट्रेन हादसों को अंजाम देना चाहते थे।

  • गैस सिलेंडर ट्रक: सड़क पर दौड़ते एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रकों में आगजनी कर बड़े धमाकों की योजना थी।

  • मोटी रकम का लालच: पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इन्हें छोटी-मोटी घटनाओं के लिए भी मोटी रकम देने का वादा किया था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ये लोग किसी बड़े फिदायीन हमले की तैयारी का हिस्सा हो सकते थे।

अब ‘पंजाब कनेक्शन’ की तलाश, छापेमारी की तैयारी

लखनऊ में तबाही मचाने के बाद इन आरोपियों का अगला ठिकाना पंजाब था। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देकर ये लोग पंजाब भागने वाले थे, जहां इनके कुछ और साथी छिपे हुए हैं। यूपी एटीएस अब पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इनके ‘पंजाब कनेक्शन’ को खंगाल रही है। जल्द ही पंजाब के कई ठिकानों पर छापेमारी की जा सकती है। फिलहाल, यूपी पुलिस और एटीएस हाई अलर्ट पर हैं और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

Check Also

Delhi Horror: अमर कॉलोनी में IRS अफसर की बेटी की बेरहमी से हत्या, यौन उत्पीड़न के बाद चार्जिंग केबल से घोंटा गला

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के …