Sunday , 27 September 2026

PK को 24 घंटे में बड़ा झटका: टिकट मिलते ही बागी हुए भूषण झा, जन सुराज छोड़ निर्दलीय ठोकेंगे ताल

 मुजफ्फरपुर।  बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की रणभेरी बजते ही चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की नवगठित ‘जन सुराज पार्टी’ को पहला और करारा राजनीतिक झटका लगा है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किए जाने के महज 24 घंटे के भीतर कद्दावर शिक्षक नेता भूषण झा ने पार्टी से पूरी तरह नाता तोड़ लिया है। टिकट मिलने के तुरंत बाद जन सुराज को अलविदा कहते हुए झा ने अब मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरने का औपचारिक ऐलान कर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।

PK की मौजूदगी वाली बैठक में हुआ विवाद, गंभीर आरोप

इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की पटकथा मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान लिखी गई। 25 सितंबर को हुई इस बैठक में खुद प्रशांत किशोर भी मौजूद थे। बैठक खत्म होते ही भूषण झा ने बगावती तेवर अख्तियार करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

भूषण झा ने आरोप लगाया कि समीक्षा बैठक के दौरान उनके और उनके समर्थक शिक्षकों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि जब वे अपनी बात मंच पर रख रहे थे, तो उनके साथ आए शिक्षकों को बैठक की मोबाइल रिकॉर्डिंग करने से जबरन रोक दिया गया।

तय स्क्रिप्ट बोलने का दबाव, शिक्षकों के कहने पर छोड़ा साथ

झा ने दावा किया कि संगठन के स्तर पर उन पर पार्टी की तय स्क्रिप्ट और निर्देशों के मुताबिक ही बयानबाजी करने का दबाव डाला जा रहा था। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक प्रतिनिधि के तौर पर उन्हें यह पाबंदी कतई स्वीकार्य नहीं थी। झा के मुताबिक, बैठक में हुए अपमान और दबाव के बाद साथी शिक्षकों से गहन विचार-विमर्श किया गया और सभी की सर्वसम्मति के बाद ही जन सुराज से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया।

जन सुराज शनिवार को घोषित करेगी नया प्रत्याशी

प्रत्याशी के बगावत कर मैदान छोड़ने के बाद जन सुराज खेमे में खलबली मच गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तिरहुत शिक्षक सीट के लिए अब शनिवार को नए उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि जन सुराज ने गुरुवार को ही विधान परिषद की बची हुई तीन सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की थी, जिसमें भूषण झा का नाम भी शामिल था। इससे पहले 20 सितंबर को पार्टी ने पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव से ठीक पहले भूषण झा की बगावत ने तिरहुत सीट पर जन सुराज की चुनावी रणनीति को उलझा कर रख दिया है।

Check Also

आसमान से दिखा कुदरत का अजब खेल: ISRO के INSAT-3DS ने खींची तस्वीर, दो हिस्सों में बंटा दिखा भारत का मौसम

नई दिल्ली।  भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अत्याधुनिक मौसम उपग्रह ‘इनसेट-3डीएस’ (INSAT-3DS) ने अंतरिक्ष …