Sunday , 22 November 2026

लखनऊ में बड़ा बैंक लॉकर कांड: इंडियन बैंक की चौक शाखा से एक करोड़ के सोने के जेवर गायब; 2 साल बाद लॉकर खोलने पहुंचे मेडिकल अफसर और पत्नी के उड़े होश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा से एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लखनऊ में तैनात एक मेडिकल अफसर गुरुवार सुबह अपनी पत्नी के साथ जब बैंक का लॉकर खोलने पहुंचे, तो अंदर रखे सारे जेवर गायब देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित डॉक्टर की पत्नी ने पहले बैंक प्रबंधक से इसकी शिकायत की, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने चौक कोतवाली में पूरे मामले की लिखित तहरीर दी है। शिकायत मिलने के बाद चौक पुलिस ने बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर की पत्नी करीब दो साल बाद गुरुवार को अपना लॉकर खोलने बैंक आई थीं।

नवंबर 2006 में बैंक में लिया था लॉकर नंबर 896

चौक क्षेत्र के सराय माली खां निवासी डॉ. रवि प्रकाश दीक्षित लखनऊ में मेडिकल अफसर के पद पर तैनात हैं और अपनी पत्नी गीता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। गीता दीक्षित ने चौक कोतवाली में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत में बताया है कि उन्होंने नवंबर 2006 में चौक स्थित इंडियन बैंक की सिटी शाखा में लॉकर नंबर 896 आवंटित कराया था। इस लॉकर में उन्होंने अपनी शादी के समय सास-ससुर और माता-पिता की ओर से मिले पुश्तैनी और कीमती सोने के जेवरात सुरक्षित रखे थे। उन्होंने सभी आभूषणों को एक स्टील के डिब्बे में बंद करके बैंक के लॉकर में रखा था।

बैंक स्टाफ से नहीं मिली मदद, अब चौक पुलिस कर रही जांच

शिकायत के मुताबिक, गीता दीक्षित गुरुवार सुबह करीब 10:05 बजे अपने पति डॉ. रवि प्रकाश दीक्षित के साथ बैंक शाखा में लॉकर खोलने पहुंची थीं। लेकिन जब लॉकर खोला गया, तो उसके भीतर न तो वह स्टील का बॉक्स मौजूद था और न ही उसमें रखे सोने के जेवर थे। गायब हुए इन सोने के आभूषणों की मौजूदा बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। गीता दीक्षित का आरोप है कि जब उन्होंने तत्काल बैंक मैनेजर से इस गंभीर लापरवाही की शिकायत की, तो बैंक स्टाफ की तरफ से उन्हें कोई सहयोग या मदद नहीं मिली। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने चौक थाने पहुंचकर लॉकर से जेवरात चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब इस तहरीर के आधार पर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

बैंक के डीवीआर में सिर्फ 6 महीने की फुटेज ही सुरक्षित

गीता दीक्षित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चौक पुलिस की टीम शुक्रवार दोपहर इंडियन बैंक की सिटी शाखा पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने जांच के लिए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक के डीवीआर में केवल पिछले 6 महीने की ही सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रहती है, जबकि डॉक्टर की पत्नी ने अपना लॉकर दो साल पहले खोला था। फिलहाल पुलिस उपलब्ध 6 महीने की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है। इसके साथ ही बैंक के मैनेजर और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी और लॉकर संचालन के रजिस्टर की भी गहन जांच की जा रही है।

लॉकर नंबर 896 में रखे थे ये कीमती स्वर्ण आभूषण

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई सूची के अनुसार लॉकर नंबर 896 में 8 सोने की चेन, 2 जोड़ी सोने के कड़े, 10 बड़ी अंगूठियां, 3 छोटी अंगूठियां, 2 बड़े झाले, 1 नथ, 1 मोहर, 1 झुमकी, 1 मांगबेदी टीका, 1 हार और 1 सीतारामी समेत सभी सोने के कीमती जेवर रखे हुए थे।

 

Check Also

UP Politics: सहारनपुर में आज असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की बड़ी सियासी मुलाकात, लंच पर बनेगी 2027 चुनाव की रणनीति; सपा-कांग्रेस की बढ़ी टेंशन

सहारनपुर, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश की सियासत में आज एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल …