
सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी के काफिले के साथ अचानक एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। हलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 89.5 के करीब काफिले के पीछे दौड़ रहे चार चारपहिया वाहन और एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से जा टकराए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित बच गए और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि टक्कर लगने से पीछे चल रहे वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
अचानक लगे ब्रेक से बिगड़ा वाहनों का संतुलन घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में गुजर रहे काफिले में अचानक ब्रेक लगने के चलते पीछे चल रही गाड़ियां संभल नहीं पाईं। एक गाड़ी के रुकते ही पीछे से आ रही अन्य कारें और सुरक्षा दस्ते में शामिल एंबुलेंस एक के बाद एक आपस में टकराती चली गईं। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन स्थिति को संभाला और राहुल गांधी के वाहन को सुरक्षित आगे के लिए रवाना कराया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद सुलतानपुर रवानगी राहुल गांधी नियमित विमान से पहले लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते सुलतानपुर कोर्ट में पेशी के लिए आगे बढ़े थे।
मानहानि मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट सुनाएगी फैसला राहुल गांधी पर सुलतानपुर की अदालत में चल रहे बहुचर्चित मानहानि के मुकदमे में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। मामले की सुनवाई कर रहे एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की जिरह और अंतिम दलीलों को विस्तार से सुनने के बाद पत्रावली को निर्णय के लिए सुरक्षित रख लिया था। इसी फैसले के समय अदालत के समक्ष सशरीर हाजिर होने के लिए राहुल गांधी सुलतानपुर पहुंच रहे हैं।
कचहरी परिसर से लेकर रास्तों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था राहुल गांधी के आगमन और कोर्ट में पेशी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। कचहरी परिसर से लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सभी प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरी ओर, अपने नेता की एक झलक पाने और उनका स्वागत करने के लिए जिले भर में कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर झंडे-बैनर लेकर डटे हुए हैं।
voice of india