बेंगलुरु। आईटी सिटी बेंगलुरु से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन होम-डिलीवरी के इस दौर में महिलाओं की सुरक्षा और प्राइवेसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नामी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के डिलीवरी एजेंट ने न सिर्फ एक महिला की निजता की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि उसके मना करने के बावजूद जबरन फ्लैट में घुसकर एक बेहद घिनौनी और शर्मनाक हरकत को अंजाम दिया। हालांकि, पीड़ित महिला की सूझबूझ और सोशल मीडिया पर उठाए गए कदम के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
इमरजेंसी का बहाना बनाकर महिला के फ्लैट में घुसा आरोपी
वारदात के वक्त पीड़ित महिला अपने फ्लैट पर बिल्कुल अकेली थी। तभी एक नामी कंपनी का डिलीवरी बॉय (जिसकी पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामथ के रूप में हुई है) एक पार्सल डिलीवर करने उसके दरवाजे पर पहुंचा। सामान देने के बाद डिलीवरी बॉय ने अचानक महिला से कहा कि उसे बहुत तेज मेडिकल इमरजेंसी है और उसे वॉशरूम (Washroom) इस्तेमाल करना है।
महिला ने अपनी सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए उसे बेहद शालीनता से मना कर दिया। महिला ने कहा, “मैं किसी भी अनजान शख्स को अपने घर के अंदर आने की इजाजत नहीं दे सकती। अगर बहुत ज्यादा इमरजेंसी है, तो आप पास में ही रहने वाले मेरे पड़ोसी पुरुष मित्रों से मदद मांग सकते हैं।” लेकिन महिला की इस साफ ‘ना’ के बावजूद आरोपी डिलीवरी बॉय जबरन धक्का देकर फ्लैट के अंदर घुस गया।
वॉशरूम से बाहर आकर दिखाई अश्लीलता, महिला ने सूझबूझ से बचाई जान
पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक वीडियो शेयर कर अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि आरोपी के जबरन अंदर घुसने से वह बुरी तरह डर गई थी, लेकिन ऐसी खौफनाक स्थिति में भी उसने हिम्मत नहीं हारी। महिला ने तुरंत अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लिया और फ्लैट का मुख्य दरवाजा पूरी तरह खुला रखा, ताकि कोई भी अनहोनी होने पर वह मदद के लिए बाहर शोर मचा सके या भाग सके।
हद तो तब हो गई जब वह शख्स वॉशरूम से बाहर आया। महिला का आरोप है कि बाहर आते ही उस शख्स ने महिला के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स (Private Parts) दिखाए और अश्लील हरकतें करने लगा। इस घिनौनी हरकत से महिला बुरी तरह कांप उठी। उसने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा:
“मैं उस वक्त पूरी तरह से शॉक में थी। मुझे अपने ही घर में बेहद असुरक्षित महसूस होने लगा। जब एक महिला ने ‘ना’ कह दिया था, तो बातचीत वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी। किसी को हक नहीं कि वह सुरक्षा घेरा तोड़े।”
मराठहल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, इन संगीन धाराओं में आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर पीड़ित महिला का वीडियो और पोस्ट वायरल होते ही बेंगलुरु पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बेंगलुरु की व्हाइटफील्ड डिवीजन के मराठहल्ली पुलिस स्टेशन ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए कड़ा एक्शन लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामथ को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना या अपमान करना) और 329(2) (अवैध रूप से या जबरन घर में घुसना) के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी व्हाइटफील्ड (DCP Whitefield) ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की कानूनी तफ्तीश गहनता से जारी है।
voice of india
