
गया/बिहार ब्यूरो: बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्करों द्वारा नए और हाई-प्रोफाइल पैंतरे आजमाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समस्तीपुर में एसी फर्स्ट क्लास से शराब की खेप बरामद होने के बाद अब गया जंक्शन पर एक हाई-स्पीड प्रीमियम ट्रेन के एसी कोच से गांजा तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। यहां भुवनेश्वर से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस के एसी-2 टियर कोच से एक युवती को 15.822 किलोग्राम गांजे के साथ रंगे हाथों दबोचा गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है।
तेजस राजधानी के एसी कोच में संयुक्त टीम की छापेमारी रेलवे सुरक्षा बल (RPF), अपराध खुफिया शाखा (CIB) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 22811 भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने 14 सितंबर की रात गया जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचते ही एसी-2 टियर कोच की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सीट पर बैठी एक युवती की संदिग्ध हरकतों पर पुलिस कर्मियों की नजर पड़ी।
ट्रॉली बैग की तलाशी लेते ही खुली तस्करी की पोल संदेह पुख्ता होने पर महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में युवती के सामान की जांच की गई। जब उसका ट्रॉली बैग खोला गया, तो उसमें पैकेटों में ठूंसकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। तौल कराने पर कुल गांजा 15 किलो 822 ग्राम निकला। सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार युवती मूल रूप से गया की ही रहने वाली है और वह ओडिशा के जाजपुर से नई दिल्ली की यात्रा कर रही थी।
तस्करी के मॉडस ऑपरेंडी में युवतियों का इस्तेमाल बिहार में इन दिनों ट्रेन के वीआईपी और वातानुकूलित डिब्बों के जरिए नशा तस्करी में युवतियों को ‘कूरियर’ के तौर पर इस्तेमाल करने का खतरनाक ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इससे पहले समस्तीपुर में एसी फर्स्ट क्लास बोगी से करीब 75 लीटर विदेशी शराब के साथ नेहा झा नाम की युवती और उसके रिश्तेदार को पकड़ा गया था। वहीं पटना जंक्शन पर भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा को पैसों के लालच में शराब ढोते गिरफ्तार किया गया था। अब गया में वीआईपी ट्रेन के एसी कोच से हुई इस गिरफ्तारी ने रेलवे सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस गया जंक्शन स्थित आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि ठोस इनपुट के आधार पर तेजस राजधानी में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला तस्कर को सलाखों के पीछे भेजा गया है। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस बात की कड़ियां जोड़ने में लगी हैं कि गांजे की यह खेप ओडिशा में किसे सौंपी गई थी और दिल्ली में इसका रिसीवर कौन था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट के मुख्य सरगना को भी बेनकाब किया जाएगा।
voice of india