
बरेली। स्मार्ट सिटी बरेली में कुदरत के कहर ने चार दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार दोपहर से सोमवार दोपहर तक महज 24 घंटे के भीतर 381.1 मिलीमीटर मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, वर्ष 1981 के बाद से अब तक यह 24 घंटे में हुई सर्वाधिक बारिश है। इससे पहले वर्ष 2005 में 267.2 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था। इस अवधि में बरेली देशभर में सबसे अधिक बारिश वाला शहर दर्ज हुआ, जिससे शहरी पॉश इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
VIP इलाकों में 6 फीट पानी, ट्रैक्टर और नावों से रेस्क्यू मूसलाधार बारिश से शहर का कोई भी इलाका अछूता नहीं रहा। बरेली की पॉश वीआईपी रेजिडेंसी कॉलोनी के गार्डन में करीब छह फीट तक पानी जमा हो गया और लगभग 180 घरों में पानी घुस गया। हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों का कीमती सामान, जेवर और कैश पानी में बह गए। प्रशासन ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। सिकलापुर जैसे इलाकों में सड़कों पर झील जैसा नजारा दिखा, जहां लोगों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा।
हादसों में मासूम की जान गई, 14 मकान ढहे लगातार बारिश के कारण जिले में कुल 14 मकान गिर गए, जिनमें दबकर दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, फतेहगंज पश्चिमी के कुरतरा गांव में एक बरसाती नाले में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे भास्कर सागर की दुखद मौत हो गई। तेज हवाओं और पानी के दबाव से जिले में 15 बड़े पेड़ धराशायी हो गए, जिससे कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। एहतियात के तौर पर जिले के कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
रेलवे ट्रैक डूबे, शहीद एक्सप्रेस का इंजन हुआ ठप बारिश का भारी असर रेल नेटवर्क पर भी देखने को मिला। बरेली जंक्शन और बरेली सिटी स्टेशन के मध्य पटरियों पर जलभराव के कारण करीब साढ़े तीन घंटे तक ट्रेनों का आवागमन थमा रहा। आधा दर्जन ट्रेनें लेट हुईं और दो को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। सीबीगंज के पास डाउन लाइन पर पेड़ की टहनी गिरने से 14674 शहीद एक्सप्रेस के इंजन को नुकसान पहुंचा और वह मौके पर ही खड़ी हो गई, जिसे ठीक करने में घंटों का वक्त लगा।
14 पावर सब-स्टेशनों में पानी भरा, ब्लैकआउट की स्थिति शहर के 14 बड़े बिजली उपकेंद्रों में पानी घुसने से डीडीपुरम, डेलापीर, कुतुबखाना और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। एहतियातन की गई इस कटौती से लाखों लोगों को बिना बिजली और पीने के पानी के भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अरिल नदी के रपटा पुल पर बड़ा हादसा: 3 युवक बहे, SDRF तैनात बारिश के बीच आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर के पास अरिल नदी पर बने रपटा पुल पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुल पर एक फुट से ज्यादा पानी बह रहा था। स्थानीय लोगों की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बाइक सवार तीन युवकों ने पुल पार करने की कोशिश की। तेज बहाव के चलते बाइक फिसल गई और तीनों युवक नदी की प्रचंड धारा में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और फ्लड पीएसी को तैनात किया गया है। नदी से बाइक बरामद कर ली गई है, जो नितिन नाम के युवक के पिता की बताई जा रही है। अंधेरे और तेज बहाव के बीच तीनों युवकों की तलाश जारी है।
voice of india