Friday , 29 May 2026

NEET Exam: परीक्षा खत्म होते ही मनीषा मंधारे ने हाथ से लिखे सवालों को जलाकर कर दिया था राख, CBI कस्‍टडी में पेपर लीक की मास्‍टरमाइंड ने उगला सच

नई दिल्ली: मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी 2026’ पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के हाथ एक और बड़ी और चौंकाने वाली कामयाबी लगी है। देश के सबसे बड़े परीक्षा घोटाले की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, इसके तार सीधे परीक्षा कराने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़ते जा रहे हैं। सीबीआई ने दिल्ली में एक हाई-प्रोफाइल छापेमारी के दौरान इस पूरे खेल की एक और मुख्य मास्टरमाइंड को दबोच लिया है। गिरफ्तार की गई आरोपी कोई और नहीं, बल्कि एनटीए की अपनी ही आधिकारिक एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे है। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे देश के एजुकेशन सिस्टम और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

पूछताछ में उगला सच: सुलगती आग में खाक किए गए थे सबूत

सीबीआई की कड़ी और लंबी पूछताछ के सामने एनटीए एक्सपर्ट मनीषा मंधारे ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उसने कई चौंकाने वाले राज उगले हैं। मनीषा ने कबूल किया कि पेपर लीक करने के बाद इस घिनौने खेल के सबूतों को पूरी तरह मिटाने की फुलप्रूफ प्लानिंग की गई थी। जांच में सामने आया है कि एक अन्य आरोपी कुलकर्णी द्वारा छात्रों के साथ साझा किए गए केमिस्ट्री के हाथ से लिखे सवालों को कथित तौर पर नष्ट कर दिया गया था। इतना ही नहीं, साजिश को छुपाने के लिए 3 मई को परीक्षा समाप्त होने के ठीक बाद मनीषा मांढरे ने भी बचे हुए तमाम गोपनीय दस्तावेजों और कागजातों को आग के हवाले कर जलाकर राख कर दिया था ताकि कोई सुराग न बच सके।

पुणे के ‘सीक्रेट कोचिंग क्लास’ में रची गई खौफनाक साजिश

सीबीआई की गहराई से की गई तफ्तीश में मनीषा के काले कारनामों का पूरा कच्चा चिट्ठा सामने आ गया है। जांच के मुताबिक, इस खेल की पटकथा अप्रैल 2026 के दौरान ही लिख दी गई थी। मनीषा मंधारे ने पहले से सलाखों के पीछे बंद एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर एक तगड़ी साजिश रची। वाघमारे का काम नीट की तैयारी कर रहे मोटी रकम देने वाले छात्रों को जाल में फंसाकर इकट्ठा करना था। इसके बाद मनीषा मंधारे ने पुणे स्थित अपने निजी आवास पर इन चुनिंदा छात्रों के लिए एक ‘स्पेशल और सीक्रेट कोचिंग क्लास’ का आयोजन किया।

हूबहू छपे थे सवाल, एक-एक छात्र से वसूली गई लाखों की मोटी रकम

इस सीक्रेट क्लास के अंदर देश के लाखों ईमानदार छात्रों के भविष्य का सौदा हो रहा था। एनटीए एक्सपर्ट होने का फायदा उठाते हुए मनीषा ने छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के वही अहम सवाल रटवाए जो परीक्षा में आने वाले थे। उसने बकायदा छात्रों की नोटबुक में इन्हें लिखवाया और उनकी किताबों में टिक मार्क भी करवाए। 3 मई 2026 को जब छात्र नीट-यूजी की परीक्षा देने बैठे, तो उनके होश उड़ गए; मनीषा द्वारा रटाए गए ज्यादातर सवाल हूबहू मुख्य प्रश्नपत्र में छपे हुए थे। जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, इन सीक्रेट क्लासेस में एंट्री देने और परीक्षा से पहले असली सवाल मुहैया कराने के एवज में हर एक छात्र से लाखों रुपये की मोटी रकम वसूली गई थी। सीबीआई अब इस रैकेट के वित्तीय लेन-देन और इसमें शामिल अन्य बड़े चेहरों की तलाश में जुटी है।

Check Also

“हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना” — सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर आशिक ने दी जान, प्रेम प्रसंग में खौफनाक कदम

निघासन-खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला …