Thursday , 19 November 2026

महापर्व छठ के प्रसाद के तौर पर शहर को मिली अपनी रेलगाड़ी: 24 साल के लंबे इंतजार के बाद पटरी पर दौड़ी ‘कानपुर एक्सप्रेस’, जानिए टाइमिंग, रूट और स्टॉपेज

कानपुर । महापर्व छठ के पावन अवसर पर औद्योगिक नगरी कानपुर को एक बड़ी सौगात मिली है। पूरे 24 साल के लंबे इंतजार के बाद शहर को अपने नाम से पहली ट्रेन ‘कानपुर एक्सप्रेस’ मिल गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के जुड़ाव को और मजबूत करने वाली यह नई रेलगाड़ी दोनों शहरों के बीच रोजाना अप-डाउन करेगी। इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सांसद रमेश अवस्थी ने हरी झंडी दिखाई। इतना ही नहीं, सांसद रमेश अवस्थी अपने दल-बल के साथ इस नई ट्रेन में सवार होकर फफूंद स्टेशन तक का सफर भी किया।

शहर की गौरवशाली विरासत का नया अध्याय बनी कानपुर एक्सप्रेस सही मायनों में यह कानपुर की अपनी रेलगाड़ी है। जिस तरह वर्षों पहले तत्कालीन सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल ने ‘श्रमशक्ति एक्सप्रेस’ के जरिए कानपुर की श्रमिक ताकत को पहचान दिलाई थी, ठीक उसी तरह मौजूदा सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर के नाम की इस रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखवाकर शहर के गौरवशाली इतिहास में एक नया सुनहरा पन्ना जोड़ दिया है। हालांकि, कुछ लोगों द्वारा इस ट्रेन की रफ्तार को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। दरअसल, श्रमशक्ति जैसी अन्य ट्रेनें कानपुर से चलकर बिना किसी ठहराव के सीधे दिल्ली पहुंचती हैं, जबकि कानपुर एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनल पहुंचने से पहले रास्ते के आठ प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए जाएगी। इस नई रेलगाड़ी के शुरू होने से दिल्ली के बाजारों से खरीदारी करने वाले व्यापारियों, साप्ताहिक अवकाश पर घर आने वाले नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है।

सांसद ने टीम के साथ फफूंद तक किया सफर, यात्रियों में दिखा जबरदस्त उत्साह तय कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार को छठ महापर्व पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद दोपहर करीब 3:15 बजे कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से इस नई-नवेली ट्रेन को रवाना किया गया। जनता को यह सौगात समर्पित करने से पहले सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर एक्सप्रेस को शहर की विकास यात्रा का नया अध्याय बताते हुए जल्द ही कई अन्य विकास योजनाओं के शुभारंभ का वादा भी किया। ट्रेन के रवाना होते ही सांसद ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की टोली के साथ फफूंद तक यात्रा की। इस सफर में उनके साथ विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, महापौर प्रमिला पाण्डेय, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पहली यात्रा को लेकर स्थानीय यात्रियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

रात में सफर कर दिन में निपटाएं काम, जानें पूरा टाइम-टेबल और कोच की सुविधा रेलवे प्रशासन की ओर से कानपुर एक्सप्रेस के नियमित संचालन का विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा, लेकिन अगले दो से तीन दिनों के भीतर यह ट्रेन कानपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नियमित रूप से चलने लगेगी। श्रमशक्ति एक्सप्रेस में रहने वाली भारी भीड़ के कारण रात के समय दिल्ली का सफर यात्रियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता था, जो अब इस नई ट्रेन से बेहद सुगम हो जाएगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दोनों तरफ से रात में सफर तय करेगी, जिससे कारोबारियों, नौकरीपेशा वर्ग और विद्यार्थियों का दिन का कीमती समय बचेगा। निर्धारित समय के मुताबिक, यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं, जिनमें जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी की सुविधा उपलब्ध है।

428 किलोमीटर की दूरी साढ़े सात घंटे में होगी तय, इन 8 स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव कानपुर एक्सप्रेस को आनंद विहार से कानपुर के बीच की कुल 428 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग साढ़े सात घंटे का समय लगेगा। हालांकि श्रमशक्ति एक्सप्रेस यही दूरी करीब छह घंटे में तय करती है, जिसके चलते कुछ आलोचकों ने इसे धीमी ट्रेन बताने की कोशिश की, लेकिन वे इसके व्यापक जनहित के पहलू को नजरअंदाज कर गए। यह ट्रेन कानपुर से रवाना होने के बाद फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में ठहराव लेते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर ठहराव होने से हींग के लिए प्रसिद्ध हाथरस, ताला नगरी अलीगढ़ और बर्तन उद्योग के केंद्र खुर्जा के व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही दादरी और गाजियाबाद में स्टॉपेज होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के दूरदराज के इलाकों में जाने वाले यात्रियों की राह भी आसान हो जाएगी। उत्तर रेलवे के अनुसार, कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच इस ट्रेन का संचालन 04195 और 04196 नंबर से किया जाएगा।

ट्रेन के दरवाजे पर लटके नजर आए पूर्व विधायक, सुरक्षाकर्मियों की समझाइश पर मानी बात समारोह और रवानगी के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। मीडिया के कैमरों के फ्रेम में अक्सर नजर आने वाले पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया ट्रेन के रवाना होते ही स्लीपर बोगी के दरवाजे पर लटक गए। जब महापौर प्रमिला पाण्डेय, कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह बोगी में चढ़ने लगे, तो रघुनंदन भदौरिया थोड़ा किनारे हुए लेकिन ट्रेन चलते ही फिर से दरवाजे का हैंडल पकड़कर बाहर की ओर लटक गए। प्लेटफार्म से ट्रेन के आगे बढ़ते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए उन्हें भीतर जाने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने पुराने दिनों में ट्रेन की छत पर सफर करने का किस्सा सुनाते हुए अंदर जाने से मना कर दिया। हालांकि, बाद में जब किसी ने उन्हें रेलवे नियमों का हवाला देकर समझाया, तो उन्होंने फुटरेस्ट से पैर हटाकर अंदर तो रख लिया, लेकिन दरवाजे का हैंडल थामे खड़े रहे।

 

Check Also

यूपी चुनाव 2027: सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में ताकत दिखाने उतरेंगे अखिलेश यादव, चौरी-चौरा में 22 किमी की रथयात्रा और हरिशंकर तिवारी के घर जाने के कार्यक्रम से साधेंगे पूर्वांचल की 41 सीटें

गोरखपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो …