Saturday , 1 August 2026

पीएम मोदी पर अपशब्द कहने वाली लड़की का माफीनामा: ‘मैं बहकावे में आ गई थी, मुझे माफ कर दें’…..

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नागरिक विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाली लड़की ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों और प्रधानमंत्री से खुले तौर पर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में लड़की अपने कहे शब्दों पर गहरा पछतावा जताती और रोती हुई दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा में दर्ज हुई जीरो एफआईआर (Zero FIR) के बाद मामला नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ट्रांसफर किया गया था। पुलिस एफआईआर में लड़की की उम्र 25 वर्ष दर्ज की गई थी, लेकिन अपने माफीनामे में लड़की ने दावा किया है कि वह नाबालिग है।

‘मैं 15 साल की हूं, बहकावे में आकर कर दी बड़ी गलती’

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लड़की ने कहा कि वह जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और लोगों के उकसावे व बहकावे में आ गई थी।

लड़की का बयान: “मेरी उम्र सिर्फ 15 साल है। मैंने प्रधानमंत्री जी के खिलाफ जो कुछ भी कहा, वह बिल्कुल गलत था और माफी के लायक नहीं है। मुझे अपने किए पर बेहद शर्म आ रही है, मैं खुद से नजरें भी नहीं मिला पा रही हूं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है, पूरा देश मुझे माफ कर दे।”

नोएडा में दर्ज हुई थी शिकायत, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने ट्रांसफर हुई FIR

प्रधानमंत्री कार्यालय और संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने, जनभावनाएं भड़काने और शांति भंग करने के आरोप में बुधवार को नोएडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। नोएडा पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को हस्तांतरित कर दिया था। पुलिस फिलहाल लड़की की असली उम्र और वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

पीएम मोदी के ‘बड़प्पन और क्षमा’ वाले संदेश के बाद आया वीडियो

यह माफीनामा वीडियो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस भावुक संदेश के कुछ ही घंटों बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने युवाओं को दंडित करने के बजाय सही राह दिखाने की अपील की थी। पीएम मोदी ने जंतर-मंतर की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि गुमराह बच्चों को अदालतों के चक्कर लगवाना या सजा देना हल नहीं है।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा था, “गलतियां बचपन और युवावस्था में ही होती हैं और सुधार का मौका भी यही उम्र देती है। दांतों तले जीभ कटने पर हम दांत नहीं तोड़ते, क्योंकि दोनों हमारे हैं। ये बच्चे भी हमारे हैं, मैं उन्हें दिल से माफ करता हूं।” पीएम के इसी बड़प्पन के बाद लड़की का यह सार्वजनिक माफीनामा सामने आया है।

Check Also

महराजगंज में हैवानियत: संपत्ति के लालच में बहू ने ससुर की आंखों में झोंकी मिर्च, फावड़े के डंडे से पीट-पीटकर कर दी हत्या

महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर …