Wednesday , 19 August 2026

आगरा का ‘दृश्यम’ जैसा कांड: खीर में दीं 20 नींद की गोलियां, पति को मार बाथरूम में चुनीं टाइल्स; 45 दिन तक पुलिस को नचाती रही कातिल पत्नी!

आगरा। ताजनगरी आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की रेणुकाधाम कॉलोनी से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया है, जिसने पूरी इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में अपने पति की हत्या की और लाश को कहीं बाहर फेंकने के बजाय अपने ही घर के बाथरूम में दफना दिया। राज छिपाने के लिए उसने लाश के ऊपर बकायदा प्लास्टर करवाकर टाइल्स भी लगवा दीं।

सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी करीब 45 दिनों तक पुलिस और परिजनों के साथ मिलकर पति को ढूंढने का नाटक करती रही। लेकिन कानून के लंबे हाथों से वह ज्यादा दिन बच नहीं सकी।

खीर में 20 गोलियां और फिर दबाया गला, ऐसे रची मौत की साजिश

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात बीती 18 मई की है। आरोपी पत्नी रूबी ने अपने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा को रास्ते से हटाने के लिए एक बेहद खौफनाक प्लान बनाया। रूबी ने सुरेंद्र के लिए घर में स्वादिष्ट खीर बनाई, लेकिन उसमें चुपके से 20 से ज्यादा नींद की गोलियां पीसकर मिला दीं।

खीर खाते ही सुरेंद्र गहरी बेहोशी में चला गया। इसके बाद रूबी ने बेरहमी से उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। रातभर शव को घर में रखने के बाद, रूबी ने अगली ही सुबह बिना देर किए बाथरूम का फर्श खोदा और लाश को गड्ढे में दफना दिया। शक की कोई गुंजाइश न बचे, इसके लिए उसने तुरंत मिस्त्री और मजदूरों को बुलाकर बाथरूम में प्लास्टर कराया और नई टाइल्स लगवा दीं। इसके कुछ दिनों बाद उसने खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।

ट्रक चोरी की रूटीन जांच में पुलिस पहुंची घर और उड़ गए तोते

इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दरअसल, पुलिस एक पुराने ट्रक चोरी के मामले की रूटीन जांच करते हुए अचानक रूबी के घर पहुंच गई। पुलिस को दरवाजे पर देख रूबी अंदर से बुरी तरह घबरा गई। हड़बड़ाहट में उसने अपने ससुर को फोन कर मदद मांगी।

सुरेंद्र के परिवार को रूबी की हरकतों पर पहले से ही कुछ शक था। ससुर को फोन पर रूबी की घबराहट अजीब लगी, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को अपनी शंका के बारे में बताया। पुलिस ने जब रूबी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने टूटकर अपना गुनाह कबूल कर लिया। रूबी की निशानदेही पर जब पुलिस ने बाथरूम की टाइल्स तोड़कर खुदाई करवाई, तो वहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।

शराब, सिलाई और 16 साल का रिश्ता: बेटियों को चाचा के घर भेजकर दी वारदात को अंजाम

आसपास के पड़ोसियों की मानें तो सुरेंद्र को शराब पीने की बुरी लत थी, जिसकी वजह से पति-पत्नी में आए दिन हिंसक झगड़े होते थे। बात कई बार सड़क तक आ जाती थी। रूबी घर पर ही महिलाओं के कपड़े सिलने का काम करती थी और इलाके में उसकी सिलाई काफी पसंद की जाती थी।

सुरेंद्र और रूबी की शादी को 16 साल हो चुके थे और उनकी दो बेटियां हैं। वारदात वाले दिन रूबी ने सोची-समझी साजिश के तहत दोनों बेटियों को उनके चाचा के घर भेज दिया था ताकि घर में कोई गवाह न रहे। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खौफनाक साजिश में रूबी के साथ कोई और भी शामिल था या फिर घरेलू कलह ही इस मर्डर की एकमात्र वजह थी।

Check Also

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: प्रेमी के साथ मिलकर पति और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, पत्नी समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। …