Tuesday , 21 July 2026

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बाद अब किसानों का हल्ला बोल, किसान घाट पर महापंचायत आज; चढ़ूनी हिरासत में, शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा सख्त

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के उग्र प्रदर्शन के बीच अब देश के किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पर विशाल ‘महापंचायत’ का ऐलान कर दिया है। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील (व्यापार समझौते) के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों से किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। किसानों के इस बड़े कदम को देखते हुए दिल्ली पुलिस और हरियाणा प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है।

चढ़ूनी कुरुक्षेत्र में हिरासत में, समर्थकों ने शंभू टोल प्लाजा किया जाम

महापंचायत में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को सोमवार शाम कुरुक्षेत्र जिले में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने नेशनल हाईवे 152D पर चढ़ूनी की गाड़ी रोककर यह कार्रवाई की। बीकेयू (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश बैंस को भी हिरासत में लिए जाने का दावा किया जा रहा है। चढ़ूनी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और समर्थकों ने अंबाला के पास शंभू टोल प्लाजा को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे नेशनल हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील का क्यों हो रहा विरोध?

किसान संगठनों का आरोप है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत अमेरिका से सस्ते कृषि और डेयरी उत्पादों के आयात की अनुमति दी जाएगी। बीकेयू प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी का दावा है कि इस समझौते के बाद भारत सरकार अमेरिकी उत्पादों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी (शुल्क) नहीं लगा सकेगी। किसानों का कहना है कि सस्ते विदेशी उत्पाद भारतीय बाजार में आने से देश के छोटे किसानों, पशुपालकों और खेतिहर मजदूरों की आजीविका पूरी तरह तबाह हो जाएगी। इसी के विरोध में देशभर के कई किसान संगठनों ने एकजुट होकर ‘देश बचाओ मोर्चा’ का गठन किया है।

शंभू बॉर्डर सील, दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी की जारी

किसान महापंचायत के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने दिल्ली और पंजाब से जुड़ने वाली सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी है। शंभू बॉर्डर समेत सभी प्रमुख रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग और पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड और आसपास के इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। रेलवे स्टेशन और आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) जाने वाले यात्रियों को घर से समय से पहले निकलने की हिदायत दी गई है।

 

 

 

Check Also

Weather Update 2026: देश भर में मानसून का प्रकोप, जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से 23 की मौत, असम में भूस्खलन; जानें अपने राज्य का हाल

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का भयंकर रूप देखने को मिल रहा …