Friday , 7 August 2026

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को हरी झंडी, अजय राय के अंडरटेकिंग के बाद KP ट्रस्ट ने वापस लिया रोक का फैसला

संगम नगरी प्रयागराज में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर बना असमंजस का बादल आखिरकार छंट गया है। केपी कॉलेज ग्राउंड में 8 अगस्त को आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम के लिए कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) ने पूर्व में जारी निरस्तीकरण आदेश को वापस ले लिया है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा दिए गए कड़े लिखित आश्वासन और वचन पत्र के बाद ट्रस्ट ने निर्धारित शर्तों के तहत मैदान के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है।

एनओसी रद्द होने के बाद बना था असमंजस, अजय राय ने सौंपा वचन पत्र

दरअसल, 5 अगस्त को केपी ट्रस्ट ने मैदान की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए पूर्व में दी गई अनुमति को निरस्त कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई। स्थिति को संभालते हुए यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह से मुलाकात की और एक औपचारिक पत्र के साथ अंडरटेकिंग (वचन पत्र) सौंपा। इस पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि 8 अगस्त को शाम 5 बजे होने वाले इस आयोजन के दौरान खेल मैदान और पूरे प्रांगण की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

नुकसान हुआ तो कांग्रेस भरेगी हर्जाना, हाईकोर्ट के आदेशों का होगा पालन

अजय राय द्वारा सौंपे गए पत्र में कई अहम शर्तें शामिल की गई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ किया है कि कार्यक्रम के दौरान मैदान के केवल उतने ही हिस्से का उपयोग किया जाएगा जिससे छात्रों की नियमित खेलकूद गतिविधियों में कोई बाधा न आए। इसके साथ ही, यदि तैयारी या आयोजन के दौरान खेल मैदान या परिसर को कोई नुकसान पहुंचता है, तो उसकी पूरी भरपाई और मरम्मत का खर्च उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी वहन करेगी। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से गैर-व्यावसायिक है और इसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जनहित याचिकाओं पर पारित आदेशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा।

जिला प्रशासन की अंतिम अनुमति का इंतजार, तैयारियों में जुटी आयोजन समिति

केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने लिखित आश्वासन मिलने के बाद निरस्तीकरण आदेश को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया। हालांकि, ट्रस्ट ने यह मंजूरी जिला प्रशासन की अंतिम अनुमति के अधीन दी है। निरस्तीकरण का आदेश वापस होते ही कांग्रेस की आयोजन समिति राहत की सांस लेते हुए तैयारियों में जुट गई है। प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा कर अंतिम अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है ताकि राहुल गांधी के इस संवाद कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जा सके।

Check Also

झांसी में दर्दनाक हादसा: अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की कार दुर्घटना में मौत, गायब मोबाइल से रहस्य गहराया; क्या छुपा है इसमें?

झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने बाहुबली अतीक अहमद के परिवार …