Thursday , 28 May 2026

पत्नी की डांट का खौफ: नशे में बाइक समेत कुएं में गिरा पति, बचने के लिए रची ऐसी कहानी कि पुलिस भी रह गई दंग

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक पति को अपनी पत्नी की नाराजगी का इतना डर सताया कि उसने खुद के साथ लूट की झूठी साजिश रच डाली। नशे की हालत में रातभर कुएं में पड़े रहने के बाद जब बावर्ची को होश आया, तो उसे घर पर होने वाले ‘महायुद्ध’ की चिंता सताने लगी। इसी डांट से बचने के लिए उसने न केवल पुलिस को गुमराह किया, बल्कि लूट की एक ऐसी फिल्म पटकथा तैयार की जिसे सुनकर हर कोई हैरान है।

तीन बदमाशों द्वारा मारपीट और लूट का लगाया आरोप

इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र में रहने वाले संजय यादव, जो पेशे से एक होटल में बावर्ची हैं, ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। संजय का आरोप था कि जब वह देर रात काम से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका। संजय के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, उनका मोबाइल और बाइक छीन ली और साक्ष्य मिटाने के लिए उन्हें पास के एक कुएं में फेंक कर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज ने खोल दी झूठ की पोल

संगीन मामला होने के कारण पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू की। टीम ने घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया, तो कहानी में एक बड़ा मोड़ आ गया। फुटेज में ‘पीड़ित’ संजय वाइन शॉप से शराब खरीदते हुए और मोबाइल पर बात करते हुए साफ दिखाई दिए। पुलिस को शक हुआ कि जिस शख्स का मोबाइल लूटा गया, वह घटना के समय खुद फोन पर बात कैसे कर रहा था। कड़ाई से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पूरी सच्चाई सामने आ गई।

रातभर कुएं में पड़ा रहा, सुबह आया पत्नी का ख्याल

असल में संजय शराब के नशे में इतने धुत्त थे कि वह अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और सीधे कुएं में जा गिरे। रात करीब 1 बजे से सुबह 5 बजे तक वह कुएं के अंदर ही पड़े रहे। गिरने की वजह से उनके हाथ-पैर में चोटें भी आईं। सुबह जब नशा उतरा और होश आया, तो संजय को अपनी चोटों से ज्यादा पत्नी के गुस्से की चिंता होने लगी। उन्हें लगा कि अगर वह घर जाकर शराब पीकर कुएं में गिरने की बात बताएंगे, तो घर में भारी विवाद होगा। इसी कलेश से बचने के लिए उन्होंने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी।

पुलिस अब करेगी वैधानिक कार्रवाई

सिमरोल पुलिस के अनुसार, संजय के साथ कोई लूट नहीं हुई थी और उन्होंने पुलिस का कीमती समय बर्बाद किया। पुलिस प्रशासन को गुमराह करने और झूठी सूचना देने के जुर्म में अब संजय यादव के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे एक शख्स ने घरेलू कलह से बचने के लिए कानून को ही दांव पर लगा दिया।

Check Also

“हम तुमसे मोहब्बत किया ठीक… अब तुम खुश रहो हमारे बिना” — सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर आशिक ने दी जान, प्रेम प्रसंग में खौफनाक कदम

निघासन-खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से एक दिल दहला …