नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई व्यक्तिगत टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस बयान पर तीखा पलटवार करते हुए इसे भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की सोची-समझी मिलीभगत करार दिया है। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दोनों पारंपरिक दलों को देश के किसी भी राज्य में गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी सरकार बर्दाश्त नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा जैसे भाजपा शासित राज्यों को छोड़कर राहुल गांधी का पूरा ध्यान केवल पंजाब और आम आदमी पार्टी को घेरने पर टिका है।
‘हल्की और निचले स्तर की राजनीति कर रहे हैं राहुल’
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राहुल गांधी के कद के नेता को इस तरह के ओछे और व्यक्तिगत हमले शोभा नहीं देते। भारद्वाज ने पलटवार करते हुए कहा, “आरोप तो खुद राहुल गांधी पर भी नशा करने के लगते रहे हैं, लेकिन केवल आरोपों से कुछ साबित नहीं होता। अपने राजनीतिक स्तर को गिराकर इस तरह की हल्की बातें करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने साफ किया कि आगामी चुनावों तक दोनों दल मिलकर सिर्फ ‘आप’ सरकार को बदनाम करने का एजेंडा चलाएंगे, क्योंकि इन्हें जनता के बुनियादी मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।
‘योगी, धामी पर चुप्पी और सिर्फ पंजाब पर हमला क्यों?’
सौरभ भारद्वाज ने चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब पांच राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, तो राहुल गांधी भाजपा के मुख्यमंत्रियों पर आक्रामक क्यों नहीं हैं? उन्होंने सवाल दागा, “क्या राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी या गोवा के मुख्यमंत्री पर कभी इस स्तर का घटिया हमला किया? यह दोहरा रवैया उनकी दोहरी राजनीति को उजागर करता है।” भारद्वाज का आरोप है कि भाजपा और कांग्रेस दिन-रात सिर्फ भगवंत मान को निशाना बनाती हैं, क्योंकि पंजाब में जनता द्वारा चुनी गई एक मजबूत विपक्षी पार्टी की सरकार काम कर रही है।
संगरूर की ‘इंसाफ रैली’ में राहुल गांधी ने क्या कहा था?
दरअसल, यह पूरा विवाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जो उन्होंने पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ के मंच से दिया था। राहुल गांधी ने पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या का जिक्र करते हुए सीएम भगवंत मान पर सीधे आरोप लगाए थे। उन्होंने लोकसभा के पुराने दिनों का हवाला देते हुए दावा किया था कि जब दोनों सांसद थे, तब सुबह के वक्त भी मान की सांसों से शराब की गंध आती थी।
पंजाब की लड़ाई के लिए संवेदनशील नेतृत्व जरूरी: राहुल
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि शराब पीना किसी का निजी मामला हो सकता है, लेकिन जब राज्य गंभीर नशे के संकट से जूझ रहा हो, तो सरकार के मुखिया का हर शाम नशे में रहना राज्य के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए एक ऐसे नेतृत्व की दरकार है जो जनता के दर्द को शिद्दत से महसूस करे और राज्य के भविष्य के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़े। राहुल के इसी बयान के बाद से अब ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर सहयोगी होने के बावजूद दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं।
voice of india
