इस्लामाबाद। पड़ोसी देश पाकिस्तान के क्वेटा से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांत की सीमा के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार को बलूचिस्तान के शेरानी जिले के पहाड़ी क्षेत्र धनसार इलाके में हुआ। बस क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की ओर जा रही थी, तभी यह काल का ग्रास बन गई। इस घटना के बाद से दोनों प्रांतों में हड़कंप मच गया है।
बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा की पुलिस संयुक्त रूप से चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने दुख जताते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के कड़े निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री के मीडिया और राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया, “शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना में 40 यात्रियों ने अपनी जान गंवाई है और 8 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं।” सीमाई इलाका होने के कारण दोनों प्रांतों का जिला प्रशासन, सीमा सुरक्षा बल, स्वास्थ्य विभाग और रेस्क्यू टीमें संयुक्त रूप से प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हैं। सरकार ने इस दर्दनाक हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
खराब हुई दूसरी बस के यात्री भी थे सवार, क्षमता से ज्यादा थे लोग
इस दुर्घटना को लेकर शेरानी के डिप्टी कमिश्नर (DC) वली खान काकर ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह बस शुरुआती सफर में क्वेटा से केवल 36 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। लेकिन रास्ते में एक दूसरी बस तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी थी, जिसके परेशान यात्रियों को भी इसी बस में सवार कर लिया गया था। यही वजह है कि बस में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई। खैबर पख्तूनख्वा की आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के बयान के मुताबिक, जब बस खाई में गिरी, तो उसमें कुल 48 लोग सवार थे।
चीख-पुकार के बीच घायलों को निकाला बाहर, अस्पताल में इमरजेंसी लागू
पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव दल को शुरुआत में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही झोब इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू 1122 की टीमें भारी लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंच गईं। खाई से शवों और तड़पते हुए घायलों को बाहर निकालने के दौरान पूरे इलाके में चीख-पुकार मची रही। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की असली वजहों की पड़ताल शुरू कर दी है।
voice of india
