Tuesday , 8 September 2026

नोएडा में खौफनाक रात: 22 साल की युवती से लेकर 75 साल के बुजुर्ग तक… 6 लोगों ने पंखे से लटककर दी जान, फैली सनसनी

नोएडा ब्यूरो: हाईटेक शहर नोएडा में सोमवार की रात मौत के खौफनाक सिलसिले में तब्दील हो गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महज कुछ ही घंटों के भीतर छह लोगों ने मानसिक तनाव और अवसाद के चलते पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मरने वालों में दो साल पहले ब्याही गई नवविवाहिता, युवा और एक बुजुर्ग तक शामिल हैं। एक साथ आधा दर्जन सुसाइड की घटनाओं से कमिश्नरेट पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और खुदकुशी के पीछे के कारणों की गहन पड़ताल में जुट गई है।

दो साल पहले हुई थी शादी, गोरखपुर की पूनम ने सूरजपुर में लगाई फांसी पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र में संजय गुप्ता की 25 वर्षीय पत्नी पूनम ने सोमवार रात कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने मौका-मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूनम मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली थी और उसकी शादी को महज दो साल ही हुए थे। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है; पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर 63 और बीटा-2 में दो पुरुषों ने तनाव में खत्म की जिंदगी थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के अंतर्गत 35 वर्षीय मनोज कुमार ने भी अपने कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। वहीं, दूसरी ओर थाना बीटा-दो क्षेत्र में 55 वर्षीय देवेंद्र कुमार तोमर ने भारी मानसिक तनाव के चलते घर के पंखे से फंदा लगा लिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जांच शुरू कर दी है।

जेवर में 22 वर्षीय मनु देव और एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में तनु ने उठाया आत्मघाती कदम थाना जेवर क्षेत्र के कस्बा जेवर से भी एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक मनु देव ने अज्ञात कारणों से फांसी लगा ली। उप निरीक्षक अविनाश कुमार ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को मोर्चरी भिजवाया। इसी तरह थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय युवती तनु ने भी अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ही मामलों में आत्महत्या की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है।

केंद्रीय विहार में 75 वर्षीय बुजुर्ग ने भी लगाया फंदा थाना फेस-दो क्षेत्र स्थित केंद्रीय विहार के पॉकेट-6 में 75 वर्षीय राकेश मेहता ने अपने आवास पर पंखे से फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। प्राथमिक दृष्टि में सभी मामलों के पीछे गहरा मानसिक तनाव और निजी परेशानियां सामने आ रही हैं। पुलिस सभी मृतकों के मोबाइल फोन और परिजनों के बयानों के आधार पर पड़ताल कर रही है।

 

Check Also

बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की सियासत में एंट्री! बुलंदशहर से दिया बड़ा बयान, बताया कब लड़ेंगी चुनाव

कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से अब एक और सियासी चेहरा …