Monday , 19 October 2026

फर्राटा भरती महिला नौसिखिया ने ऑटो उड़ाई, दो की मौत–पांच घायल….ऑटो में सवार थे सात लोग, तीन बच्चों समेत…

–ऑटो में सवार थे सात लोग, तीन बच्चों समेत पांच गंभीर अवस्था में कानपुर रेफर
–तहसीलदार और एसीपी ने घटनास्थल पर पहुंच बांटा दुख

 

बिल्हौर, कानपुर। गुरुवार को सुबह की शुरुआत के साथ आवागमन में दुख का रस घुल गया। दरअसल, एक महिला कार चालक ने सामने से आते ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए और दो सवारियों की मौके पर मौत हो गई। शेष पांच घायल इलाज के दौरान नाजुक अवस्था में सांसे भर रहे हैं।

ककवन थाना क्षेत्र से गुरूवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ऑटो नं. यूपी74 एटी 4766 ने सात सवारियां भरकर बिल्हौर की ओर रफ्तार भरी। चंद मिनटों में ऑटो चांदेताल गांव की मोड़ पर पहुंचा ही था कि सामने से आती तेज रफ्तार ईको स्पोर्ट्स कार नं. यूपी78 एफएच 4353 ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। तीव्रता से ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ जुटती देख कार छोड़ चालक व सवार भाग निकले। हादसे की पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को निकटतम सीएचसी भेजा। जहां रामशरण (60) पुत्र रामप्रसाद निवासी श्रीराम नगर थाना कानपुर नगर और ककवन थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी ऋषभ कुमार (19) पुत्र जगपाल की मौत की पुष्टि हुई। जबकि गंभीर रूप से घायल आजाद नगर ककवन निवासी मो. रफी के पुत्र मेराज (7), पुत्री कियारा (5) व अर्शी (3) और जेबुन्निसा (50) पत्नी सुलेमान समेत अटल नगर ककवन के जयशंकर (38) पुत्र राम प्रकाश मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट रेफर कर दिया गया। मामले की जानकारी पर तहसीलदार अनुभव चंद्रा व एसीपी अमरनाथ यादव ने मौके पर पहुंच शोकाकुल परिजनों का दुख बांटा और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने दबे लफ्जों में बताया कि कार को महिला नौसिखिया द्वारा चलाया जा रहा था, लिहाजा तेज रफ्तार में नियंत्रण खो देने के चलते हादसा पेश आया। उधर, थानेदार जितेन्द्र राजपूत ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई उपरांत मृत शवों को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस रवाना कर दिया गया है, कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है, यातायात सुचारू है।

Check Also

मिशन-2027: भाजपा में टिकट वितरण का खाका तैयार, परफॉर्मेंस रिपोर्ट तय करेगी विधायकों का भविष्य, हारी सीटों पर उतरेंगे नए चेहरे

लखनऊ। संगठन के ढांचे को पूरी तरह चाक-चौबंद करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने …