
मथुरा/आगरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. घने कोहरे की वजह से 7 बसें और 3 कारों की टक्कर हो गई. इससे गाड़ियों में भयंकर आग लग गई. हादसे में 13 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 70 से ज्यादा लोग पर झुलसे और घायल हैं. हादसे की वजह से आगरा के टोल प्लाजा पर 3-4 किमी लंबा जाम लग गया.
यह घटना मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन नंबर 127 के पास हुआ है. घने कोहरे की वजह से 7 बसें, एक रोडवे, 4 कारें टकरा गईं. इसके बाद सभी गाड़ियों में भयंकर आग लग गई. बसें धूं-धूं कर जलने लगीं. हादसे की सूचना पर जिले के आलाधिकारी, फायर ब्रिगेड, पुलिस टीमें मौके पर पहुंची.
सीएम योगी ने लिया मामले का संज्ञान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.
जिलाधिकारी ने क्या बताया: जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया बलदेव थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस से माइलस्टोन संख्या 127 पर मंगलवार की सुबह दुखद सड़क हादसा हुआ. इसमें 7 प्राइवेट बस और एक सरकारी रोडवेज सहित चार छोटी गाड़ियां आपस में भिड़ गईं. इसके कारण आग लग गई.
वाहनों में आग लगने की वजह से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है. 70 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का इलाज कराया जा रहा है. जो अज्ञात शव हैं, उनका डीएनए के माध्यम से पहचान की जाएगी. पूरे मामले को लेकर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं.
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया मंगलवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव थाना क्षेत्र में अयोध्या से दिल्ली की ओर जा रही बस घने कोहरे के कारण टकरा गई. इसके बाद बसों में आग लग गई.
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह घना कोहरा लग रहा है. कम विजिबिलिटी की वजह से 7 बसों, 1 रोडवेज और 4 छोटी गाड़ियों की टक्कर हुई, जिससे आग लगी और यह हादसा हो गया.
20 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही तेज आवाज से साथ बसें धूं-धूं कर जलने लगीं. बस में बैठे यात्रियों की चीख-पुकार मच गई. लोग जान बचाने के लिए बसों की खिड़कियों से कूदे.
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बसों में लगी आग को बुझाने का काम शुरू किया गया. कुछ ही देर में करीब 20 एंबुलेंस भी आईं, जिनसे घायलों और झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हेल्पलाइन नंबर जारी: मथुरा जिला प्रशासन हादसे के संबंध में हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया गया है. किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9454417583 और एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क किया जा सकता है.
voice of india