Sunday , 29 November 2026

केजीएमयू में रैगिंग पर बड़ा एक्शन: ‘प्रणाम महोदय’ बुलवाने और वीडियो कॉल पर डांस कराने वाले 38 एमबीबीएस छात्र 3 माह के लिए निलंबित, 25-25 हजार का जुर्माना भी लगा

लखनऊ: राजधानी स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए रैगिंग के वीडियो और जांच रिपोर्ट के आधार पर कुल 38 एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो में जूनियर छात्र-छात्राएं एक कतार में चलते हुए सीनियर छात्रों को ‘प्रणाम महोदय’ कहते हुए दिखाई दे रहे थे।

क्लास और हॉस्टल से बाहर हुए छात्र, एक साल तक रुकेगी स्कॉलरशिप केजीएमयू प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के तहत सभी दोषी पाए गए 38 छात्रों को तीन माह के लिए कक्षाओं और हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक दोषी छात्र पर 25-25 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। सख्त संदेश देते हुए प्रशासन ने अगले एक वर्ष तक इन सभी छात्रों की स्कॉलरशिप पर भी रोक लगा दी है। गौरतलब है कि शुरुआत में रैगिंग की शिकायतों और वीडियो के सामने आने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन इसे रैगिंग मानने से इनकार कर रहा था, जबकि हकीकत में हॉस्टल के भीतर जूनियर छात्रों को देर रात तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

रात 12 से 2 बजे तक वीडियो कॉल कर कराते थे डांस केजीएमयू की एंटी रैगिंग कमेटी द्वारा की गई गहन जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सीनियर छात्र रात 12 बजे से लेकर तड़के 2 बजे तक जूनियर छात्रों को जगाए रखते थे और उन्हें वीडियो कॉल करके प्रताड़ित करते थे। इस दौरान सीनियर्स द्वारा जूनियर्स को गानों और म्यूजिक की धुन पर डांस करने के लिए विवश किया जाता था। ऐसा करने से इनकार करने पर उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया जाता था। इसके अलावा जूनियर छात्रों को सीनियर्स के सामने लाइन में खड़े होकर ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ बोलने के लिए मजबूर किया जाता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एमबीबीएस 2026 बैच के दो छात्र भी सीनियर्स की इस करतूत में सहयोग कर रहे थे। कमेटी ने उन्हें भी दोषी ठहराते हुए कार्रवाई के दायरे में लिया है, जिसके तहत एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के 2 छात्रों पर गाज गिरी है।

एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट के बाद कुलपति ने लगाई मुहर बीते दिनों केजीएमयू परिसर का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हुआ था, जिसमें जूनियर छात्र सीनियर्स के समक्ष कतारबद्ध होकर अभिवादन करते नजर आए थे। वीडियो वायरल होने और पीड़ित छात्रों की शिकायतें मिलने के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू की। बीती 19 नवंबर को हुई कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई पर सहमति बनी, जिस पर कुलपति की मंजूरी मिलते ही निलंबन और जुर्माने का आदेश जारी कर दिया गया। इस मामले पर केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने स्पष्ट किया कि परिसर में जूनियर छात्रों को डराने, धमकाने या अपमानित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के रैगिंग की सूचना तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।

 

Check Also

IPL: दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा! आकाश अंबानी के एक फोन कॉल और इस खास वजह ने बदल दिया हिटमैन का फैसला

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले तीन साल बाद एक बार …