Saturday , 28 November 2026

परिसीमन पर बड़ा अपडेट: यूपी का विभाजन टालने के लिए संविधान में संशोधन करेगी सरकार, 605 विधायक और 120 सांसद वाला देश का इकलौता राज्य बनेगा उत्तर प्रदेश !

नई दिल्ली, ब्यूरो। देश में लोकसभा और राज्य विधानसभा सीटों के आगामी परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार एक बेहद महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक में सरकार एक ऐसा विशेष प्रावधान शामिल करने की तैयारी में है, जिसके जरिए किसी भी राज्य विधानसभा में अधिकतम 500 सीटों की संवैधानिक बाध्यता को समाप्त किया जा सके। इस बड़े बदलाव के पीछे सबसे बड़ा मकसद यह है कि देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश को प्रशासनिक या राजनीतिक रूप से विभाजित न करना पड़े।

संविधान के अनुच्छेद-170 और 333 में बदलाव की तैयारी मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था में अनुच्छेद-170 और अनुच्छेद-333 के तहत यह स्पष्ट नियम है कि किसी भी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की संख्या 500 से अधिक नहीं हो सकती। वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। यदि परिसीमन से जुड़ा यह संविधान संशोधन विधेयक संसद से पारित हो जाता है, तो सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक का इजाफा होगा और यूपी में विधायकों का आंकड़ा 600 के पार पहुंच जाएगा।

उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती सरकार समाचार एजेंसी पीटीआई ने उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि केंद्र सरकार किसी भी सूरत में उत्तर प्रदेश का बंटवारा नहीं चाहती है। यही कारण है कि यूपी को 500 सीटों की अधिकतम सीमा के दायरे से बाहर रखने के लिए कानून में यह विशेष रास्ता निकाला जा रहा है। इस फैसले का सीधा असर यह होगा कि जहां देश के अन्य सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होगी, वहीं उत्तर प्रदेश में विधायकों की संख्या 403 से बढ़कर साल 2029 के बाद 605 हो जाएगी। इसके साथ ही यूपी 600 से अधिक विधायकों वाला देश का एकमात्र राज्य बन जाएगा। यही नहीं, परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्तर प्रदेश से चुनकर आने वाले लोकसभा सांसदों की संख्या भी बढ़कर 120 हो जाएगी।

नए विधायकों के बैठने के लिए बनानी होंगी नई विधानसभा इमारतें सीटों में होने वाली इस भारी बढ़ोतरी के बाद देश के अधिकांश राज्यों के सामने बुनियादी ढांचे की एक नई चुनौती भी खड़ी होगी। चूंकि ज्यादातर राज्य विधानसभाओं के मौजूदा सदन कक्षों में इतने अतिरिक्त विधायकों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, इसलिए भविष्य में कई राज्यों को अपनी विधानसभाओं के लिए नई और बड़ी इमारतों का निर्माण कराना होगा।

महिला आरक्षण और सीट बढ़ोतरी के लिए तीन विधेयक लाएगी सरकार सूत्रों के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार संसद में कुल तीन विधेयक पेश करेगी। इनमें से दो संविधान संशोधन विधेयक होंगे, जिनका मुख्य लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले विधायिकाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करना है। वहीं, तीसरे विधेयक में हर राज्य की विधानसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का स्पष्ट उल्लेख होगा। इसके अतिरिक्त, प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या को भी बढ़ाकर 850 करने का खाका तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों से अधिकतम 815 निर्वाचित सांसद और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य चुनकर सदन में पहुंचेंगे।

 

Check Also

बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी : दिसंबर में भी सस्ता होगा बिजली बिल, लगातार छठे महीने मिलेगी बड़ी राहत

लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर …