Saturday , 28 November 2026

बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी : दिसंबर में भी सस्ता होगा बिजली बिल, लगातार छठे महीने मिलेगी बड़ी राहत

लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर में भी बिजली बिल से बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। जून में 10 प्रतिशत तक अतिरिक्त भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के बिल में लगातार कमी का सिलसिला जारी है। आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में 4.43 प्रतिशत, अगस्त में 2.92 प्रतिशत, सितंबर में 7.93 प्रतिशत, अक्टूबर में 5.24 प्रतिशत और नवंबर में 9.17 प्रतिशत की कटौती के बाद अब दिसंबर के बिल में भी लगभग 3.25 प्रतिशत तक की कमी होने की प्रबल संभावना है।

3.89 करोड़ उपभोक्ताओं को मिलेगा फ्यूल सरचार्ज में कमी का लाभ ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन (एफपीपीसीए) के अंतर्गत सितंबर माह के फ्यूल सरचार्ज (ईंधन अधिभार शुल्क) में आई कमी को देखते हुए यह सीधा लाभ दिया जा रहा है। इसके तहत नवंबर की बिजली खपत पर दिसंबर में जारी होने वाले बिलों में प्रदेश की सभी श्रेणियों के करीब 3.89 करोड़ उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम होगा। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन द्वारा इस कटौती से जुड़ा आधिकारिक आदेश जल्द ही जारी करने की तैयारी तेजी से की जा रही है।

नियामक आयोग की सख्ती के बाद लगातार छठे महीने मिल रही राहत गौरतलब है कि जून महीने में उपभोक्ताओं से 10 प्रतिशत जैसा भारी-भरकम ईंधन अधिभार शुल्क वसूला गया था, जिस पर विद्युत नियामक आयोग ने कड़ा रुख अपनाया था। आयोग की इस सख्ती के बाद से अब लगातार छठवें महीने उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलना लगभग तय माना जा रहा है। उदाहरण के तौर पर, ईंधन अधिभार में कमी के चलते ही नवंबर महीने में उपभोक्ताओं को 9.17 प्रतिशत कम बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।

एक-दो दिन में स्पष्ट होगी राहत की वास्तविक तस्वीर एफपीपीसीए की गणना में पारदर्शिता लाने और बिजली खरीद की वास्तविक लागत में आई कमी का फायदा सीधे जनता तक पहुंचाने का मुद्दा नियामक आयोग में उठाने वाले उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने भी इस पर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उनका मानना है कि जुलाई से शुरू हुआ राहत का यह दौर दिसंबर में भी बरकरार रहेगा। हालांकि, उपभोक्ताओं को वास्तव में कितने प्रतिशत की छूट मिलेगी, इसकी पूरी तस्वीर एक-दो दिन में कॉरपोरेशन प्रबंधन द्वारा आदेश जारी होने के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगी।

 

Check Also

परिसीमन पर बड़ा अपडेट: यूपी का विभाजन टालने के लिए संविधान में संशोधन करेगी सरकार, 605 विधायक और 120 सांसद वाला देश का इकलौता राज्य बनेगा उत्तर प्रदेश !

नई दिल्ली, ब्यूरो। देश में लोकसभा और राज्य विधानसभा सीटों के आगामी परिसीमन को लेकर …