Saturday , 28 November 2026

सपा से तनातनी के बीच कांग्रेस का बड़ा दांव, 125 सीटों से कम पर समझौते को तैयार नहीं, अकेले लड़ने पर भी मंथन

नई दिल्ली, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की एक बेहद अहम बैठक हुई, जिसमें स्पष्ट संदेश दिया गया कि पार्टी 125 सीटों से कम पर समझौता करने के मूड में नहीं है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में गठबंधन को बरकरार रखने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर अकेले चुनावी मैदान में उतरने की तैयारियों पर भी गंभीर मंथन किया गया।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव की मुलाकात में होगा अंतिम फैसला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि आगामी चुनावों में केवल सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय उन सीटों पर फोकस होना चाहिए, जहां जीत की प्रबल संभावना है। सूत्रों का कहना है कि सीट बंटवारे के इस गतिरोध को सुलझाने के लिए जल्द ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सीधी मुलाकात हो सकती है। माना जा रहा है कि दोनों शीर्ष नेताओं की इस बैठक के बाद ही गठबंधन और सीटों के अंतिम फॉर्मूले पर मुहर लगेगी।

26 सीटों के प्रस्ताव पर अटका पेंच, 10 राजाजी मार्ग पर बनी नई रणनीति शुक्रवार को दिल्ली स्थित 10 राजाजी मार्ग पर हुई इस मैराथन बैठक में जिताऊ सीटों की नई सूची तैयार करने, सीट शेयरिंग के संभावित फॉर्मूले और दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनावी अभियान का शंखनाद करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। दरअसल, पूरा विवाद सीटों की संख्या को लेकर फंसा हुआ है। सपा की ओर से कांग्रेस को महज 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया गया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने शुरुआत में 181 सीटों पर अपना दावा ठोका था, जिसे बाद में घटाकर 130 किया गया और अब पार्टी 100 से 120 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। इस उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

सपा ने 37 सीटें राहुल की वजह से जीतीं: इमरान मसूद सीटों की इस खींचतान और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की नसीहत के बावजूद पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद के तेवर शुक्रवार को भी सपा के प्रति बेहद आक्रामक नजर आए। मसूद ने सपा के पिछले प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन होने के बावजूद सपा महज पांच सीटों पर क्यों सिमट गई थी। उन्होंने दावा किया कि 2024 के चुनाव में सपा जो 37 सीटें जीतने में कामयाब रही, वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से बने सियासी माहौल का ही नतीजा था।

26 सीटों का प्रस्ताव मंजूर नहीं, हर बार बड़ा दिल क्यों दिखाए कांग्रेस इमरान मसूद ने दो-टूक शब्दों में कहा कि चुनाव में सपा का भी योगदान रहा है, लेकिन यह समझ से परे है कि हर बार त्याग करने और बड़ा दिल दिखाने की उम्मीद केवल कांग्रेस से ही क्यों की जाती है। उन्होंने सपा के 26 सीटों वाले प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए आशंका जताई कि यदि कांग्रेस इस पर मान गई, तो 2029 में सपा इसी को आधार बनाकर कांग्रेस के जनाधार और परिणाम को शून्य साबित करने की कोशिश करेगी। मसूद ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि इन 26 सीटों पर भी सपा खुद ही चुनाव लड़कर जीत हासिल कर ले। उन्होंने 105 से अधिक सीटों की अपनी मांग को दोहराते हुए तर्क दिया कि 2017 में जब कांग्रेस काफी कमजोर स्थिति में थी, तब भी पार्टी इतनी ही सीटों पर लड़ी थी, जबकि आज संगठन काफी मजबूत हो चुका है। खुद को गठबंधन विरोधी और खलनायक के रूप में पेश किए जाने पर पलटवार करते हुए मसूद ने कहा कि वे पार्टी के हित के लिए मर-मिटने को तैयार हैं और आगे भी बिना डरे सच्चाई सामने रखते रहेंगे।

 

Check Also

बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी : दिसंबर में भी सस्ता होगा बिजली बिल, लगातार छठे महीने मिलेगी बड़ी राहत

लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर …