नई दिल्ली: देशभर में इन दिनों मौसम के दो बिल्कुल अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और रात के समय घने कोहरे की चादर बिछने लगी है और तापमान में गिरावट से ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में बादलों की आवाजाही और लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दक्षिण के कई हिस्सों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं। इसी बदलते मौसमी मिजाज के बीच भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार, 28 नवंबर के लिए देशभर का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज सुबह कोहरे के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो जाएगा और धूप खिलेगी। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अनुमान है कि राजधानी में सुबह के कोहरे का यह सिलसिला आगामी 3 दिसंबर तक जारी रह सकता है।
यूपी में घने कोहरे की चेतावनी, बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और फिलहाल राज्य में कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय कोहरे का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को खासी परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही रात और सुबह के तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर और तेज होगा। उधर, बिहार में आज मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, जबकि झारखंड में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है और राज्य के कई इलाकों में लोगों को अच्छी-खासी ठिठुरन महसूस हो रही है।
पंजाब-हरियाणा में कोहरा तो राजस्थान और मध्य प्रदेश में लुढ़का पारा
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों की बात करें तो पंजाब के कई जिलों और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, राजस्थान में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है और राज्य के कुछ हिस्सों सहित शेखावाटी क्षेत्र में आज शीतलहर चलने के आसार हैं। ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश में भी पारा तेजी से नीचे लुढ़क रहा है और ठंड का असर बढ़ रहा है, जहां कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
पूर्वोत्तर में कोहरे का असर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके विपरीत, दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है और इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा केरल और माहे में भी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों हिमाचल और उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो उत्तराखंड में 28 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है और वहां बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है। दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर में भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान लगाया गया है।
voice of india
