Friday , 27 November 2026

Kanpur Crime News: कानपुर में खेत पर बने ट्यूबवेल के अंदर फंदे से लटका मिला 26 वर्षीय युवक का शव, शाम से था लापता; जांच में जुटी पुलिस

सरसौल (कानपुर नगर) ब्यूरो। कानपुर नगर के नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत समर्था खेड़ा गांव में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे के अंदर 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। युवक ने ट्यूबवेल की छत में लगे लोहे के सरिये के सहारे गमछे से फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बचपन से नाना के घर रह रहा था मृतक, शराब पीने का था आदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कानपुर देहात जिले के भोगनीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहेरी महा (पोस्ट गौरीकरन) निवासी अनिल कटियार के 26 वर्षीय पुत्र शिवम कटियार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि शिवम बचपन से ही समर्था खेड़ा गांव में अपने नाना प्रकाश उत्तम के घर पर रह रहा था। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, युवक शराब पीने का आदी था।

शाम को खेत पर काम करने गया था युवक, कॉल न उठने पर परिजनों ने की तलाश

घटनाक्रम के मुताबिक, बुधवार शाम करीब चार बजे शिवम अपनी मां और नाना के साथ खेत पर काम करने के लिए गया था। काम के बाद जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। रात करीब साढ़े सात बजे नाना प्रकाश उत्तम ने शिवम से फोन पर बात की थी। इसके बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार कॉल की, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका के चलते नाना और परिवार के अन्य सदस्य उसकी तलाश करते हुए खेत में बने ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए; शिवम का शव ट्यूबवेल की छत में लगे सरिये से गमछे के सहारे लटका हुआ था। रोते-बिलखते परिजनों ने तत्काल शव को नीचे उतारा और डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज

सूचना मिलते ही नरवल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने मृतक के भाई गौरव कटियार की सूचना के आधार पर पंचायतनामा की वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है और युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

 

Check Also

Jammu Kashmir Security: 37 साल में पहली बार घाटी में स्थानीय आतंकी भर्ती ‘शून्य’, अब 35 पाकिस्तानी आतंकियों पर सुरक्षा बलों की नजर; LoC पर अलर्ट

श्रीनगर ब्यूरो। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के निरंतर और सख्त अभियानों के …