Wednesday , 25 November 2026

यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 10 IPS और 18 PPS समेत 28 अफसरों के तबादले, लखनऊ से नोएडा तक कई कमिश्नरेट बदले

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी ताजा आदेश के मुताबिक राज्य के 10 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और 18 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों समेत कुल 28 पुलिस अफसरों का तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल में कई अधिकारियों को एक पुलिस कमिश्नरेट से दूसरे कमिश्नरेट में भेजा गया है, जबकि कई अफसरों को विभिन्न जिलों और पुलिस की विशेष इकाइयों में नई तैनाती दी गई है। तबादला सूची में शामिल आईपीएस अधिकारी 2020, 2021 और 2022 बैच के हैं। वहीं, पीपीएस अधिकारियों को जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), ग्रामीण, नगर, अपराध, यातायात और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

10 आईपीएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

शासन की सूची के अनुसार आईपीएस पुनीत द्विवेदी को पुलिस मुख्यालय से हटाकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। नीतू को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि शिवा सिंह का तबादला कानपुर नगर से आगरा पुलिस कमिश्नरेट में किया गया है। इसी क्रम में अमित कुमावत को लखनऊ से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी दी गई है। किरण यादव को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से स्थानांतरित कर एएनटीएफ (ANTF) मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पद पर तैनात किया गया है।

अन्य आईपीएस तबादलों में पुष्कर वर्मा को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाकर भेजा गया है। आदित्य को आगरा से बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की कमान सौंपी गई है। शैव्या गोयल को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा भवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर से मेरठ स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, वहीं माविस टॉक को सोनभद्र से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर नई तैनाती मिली है।

18 पीपीएस अधिकारियों का भी हुआ कार्यक्षेत्र परिवर्तन

प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) संवर्ग में भी बड़े पैमाने पर बदलाव करते हुए 18 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। कुमार रणविजय सिंह को मुरादाबाद नगर के अपर पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है। अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र भेजा गया है। देवेंद्र सिंह को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर से शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी गई है। इंदुप्रभा सिंह को लखनऊ के एससीओ (SCO) मुख्यालय से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

इसी सूची में अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) के पद पर भेजा गया है। ममता कुरील को अलीगढ़ से मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गिरीश कुमार सिंह को फतेहगढ़ से अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) बनाया गया है। पीयूष कुमार सिंह का तबादला गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट से मैनपुरी में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पद पर हुआ है, जबकि अभिषेक तिवारी को मैनपुरी से मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नियुक्त किया गया है।

पीएसी, एटीएस और यातायात निदेशालय में भी फेरबदल

विशेष इकाइयों और प्रशिक्षण केंद्रों में भी अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर से मुरादाबाद पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। श्रेष्ठा को एटीएस (ATS) लखनऊ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर में उपसेनानायक के पद पर भेजा गया है। नवीना शुक्ला को एएनटीएफ मुख्यालय से एससीओ मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नवीन कुमार सिंह को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से हटाकर पुलिस महानिदेशक (DGP) का स्टाफ ऑफिसर बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त विभा सिंह को मेरठ पीटीएस से छठी वाहिनी पीएसी मेरठ में उपसेनानायक नियुक्त किया गया है। राघवेंद्र कुमार मिश्रा को छठी वाहिनी पीएसी मेरठ से पांचवीं वाहिनी एसएसएफ (SSF) सहारनपुर भेजा गया है। अरुण कुमार सिंह को यातायात निदेशालय लखनऊ से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) की कमान दी गई है। डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं से यातायात निदेशालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, वहीं पंकज कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ से मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर नई तैनाती दी गई है।

Check Also

यूपी चुनाव 2027 में कौन होगा भाजपा का सीएम चेहरा? केशव मौर्य के ‘कमल’ वाले बयान पर सीएम योगी ने दिया दो टूक जवाब, साफ कर दी पूरी तस्वीर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई …