Sunday , 29 November 2026

Bangladesh Violence: फिर सुलग उठा बांग्लादेश! शेख हसीना की वापसी की आहट से 28 जिलों में भड़की हिंसा, आगजनी और बम धमाकों के बीच सैकड़ों गिरफ्तार

ढाका/नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश एक बार फिर हिंसा, आगजनी और सियासी अस्थिरता की चपेट में आ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वतन वापसी की चर्चाओं के बीच उनकी पार्टी अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। देश के कई हिस्सों में हुए बम धमाकों, आगजनी और हिंसक झड़पों ने अंतरिम प्रशासन की नींद उड़ा दी है। हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है और अब तक सैकड़ों उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

28 जिलों तक फैली हिंसा की आग, बसों और घरों को बनाया निशाना ताजा घटनाक्रम के अनुसार, खगराछड़ी, नारायणगंज, मानिकगंज और पाबना समेत बांग्लादेश के करीब 28 जिलों में तनाव और हिंसा फैलने की खबरें सामने आई हैं। उपद्रवियों ने कई स्थानों पर जमकर तोड़फोड़ की, आम लोगों के घरों और वाहनों को निशाना बनाया तथा कई बसों को आग के हवाले कर दिया। पाबना जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच भीषण झड़प हुई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कई प्रमुख बाजार बंद कर दिए गए हैं और स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

प्रतिबंध के बावजूद सड़कों पर उतरे समर्थक, पूर्व छात्र नेता गिरफ्तार अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का सक्रिय नेटवर्क और उनका सड़कों पर उतरना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। हिंसा और आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे देश में धरपकड़ तेज कर दी है। इस अभियान के तहत सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसी कड़ी में रविवार को गाजीपुर के टोंगी इलाके से अवामी लीग की पूर्व छात्र नेता तानिया अख्तर तपोशी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पेट्रापोल बॉर्डर पर हलचल तेज, भारत से प्रत्यर्पण की मांग सियासी गलियारों में सरगर्मी तब और बढ़ गई जब यह खबर सामने आई कि अवामी लीग के चार वरिष्ठ नेता शेख हसीना की वापसी की तैयारियों का जायजा लेने भारत-बांग्लादेश सीमा स्थित पेट्रापोल बॉर्डर पहुंचे हैं। सीमावर्ती इलाकों में संभावित रास्तों की रेकी किए जाने की चर्चाओं के बाद बांग्लादेश में सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी और बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। दूसरी ओर, शेख हसीना की वापसी को रोकने के लिए बांग्लादेश सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए भारत से प्रत्यर्पण संधि (Extradition Treaty) के तहत कार्रवाई करने की मांग दोहराई है।

Check Also

IPL: दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा! आकाश अंबानी के एक फोन कॉल और इस खास वजह ने बदल दिया हिटमैन का फैसला

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले तीन साल बाद एक बार …