
कानपुर नगर। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के पूर्वी जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। इस व्यापक प्रशासनिक कार्रवाई के तहत 20 उप निरीक्षकों (दारोगाओं) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनकी नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी की गई स्थानांतरण सूची में महाराजपुर थाना क्षेत्र की तीन प्रमुख चौकियों—सरसौल, कुलगांव और सुन्हैला के प्रभारियों को भी बदला गया है। पुलिस उपायुक्त-पूर्वी कमिश्नरेट कानपुर नगर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, यह सभी तबादले पूर्वी जोन कमिश्नरेट की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत किए गए हैं और सभी स्थानांतरित उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरसौल, कुलगांव और सुन्हैला चौकी की कमान नए चेहरों को
ताजा स्थानांतरण आदेश के मुताबिक, महाराजपुर थाने की सरसौल चौकी के प्रभारी रहे राजमोहन मिश्रा को अब थाना कोतवाली की एकता चौकी भेजा गया है, जबकि उनके स्थान पर चकेरी थाने से स्थानांतरित होकर आए उप निरीक्षक मुकुल पवार को सरसौल चौकी की कमान सौंपी गई है। इसी क्रम में रामादेवी चौकी से आए गौरव शर्मा को कुलगांव चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाली क्षेत्र की सिविल लाइंस चौकी में तैनात रहे प्रवीण कुमार को अब सुन्हैला चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्वी जोन के इन चौकी प्रभारियों और बीट प्रभारियों के भी हुए तबादले
स्थानांतरण सूची में शहर की कई अन्य महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत एकता चौकी प्रभारी रहे अभिनेश शर्मा को रामादेवी चौकी, छावनी थाने से हरेंद्र सिंह को उर्सला चौकी, उर्सला चौकी प्रभारी राहुल कुमार सिंह को सुजातगंज चौकी तथा कोयलानगर चौकी प्रभारी पवन दुबे को सिरकी मोहल्ला चौकी भेजा गया है। इसके अतिरिक्त जाजमऊ के बीट प्रभारी अभिजीत कुमार पाठक को हरवंशमोहाल चौकी, पाली चौकी प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा को केशवपुरम चौकी, रेलबाजार थाने के अमनीश कुमार को पाली चौकी और कोतवाली में तैनात दीपक डोडवाल को जाजमऊ में बीट प्रभारी के पद पर तैनात किया गया है।
अन्य थानों और चौकियों में तैनात हुए ये उप निरीक्षक
जारी सूची के अन्य तबादलों में रविन्द्र कुमार को लालकुर्ती चौकी छावनी, आकाश चौबे को कृष्णानगर चौकी चकेरी, बुजेंद्र सिंह पटेल को पटकापुर चौकी और संदीप कुमार को कोयलानगर चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, राष्ट्रदीप सिंह को सिविल लाइंस चौकी भेजा गया है, जबकि सत्येंद्र को जाजमऊ थाना और अमर सिंह को थाना कलक्टरगंज में तैनाती मिली है। इसके अलावा उप निरीक्षक प्रशांत सिंह को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर नगर स्थानांतरित किया गया है।
voice of india