
शादी-ब्याह के सीजन या निवेश के लिए सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बेहद राहत भरी और बड़ी खबर है। 20 नवंबर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोने का भाव एक झटके में 4,700 रुपये से ज्यादा टूट गया, वहीं चांदी की चमक भी 8,000 रुपये प्रति किलो से अधिक फीकी पड़ गई। वैश्विक बाजारों में भी सोने-चांदी पर चौतरफा दबाव देखा जा रहा है। ऐसे में खरीदारी करने से पहले अपने शहर के ताजा भाव पर नजर डालना बेहद जरूरी है।
MCX पर सोना ₹4,715 और चांदी ₹8,269 लुढ़की
20 नवंबर की सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में 4,715 रुपये यानी 3.70 फीसदी की बड़ी गिरावट आई, जिसके बाद यह 1,22,737 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। दूसरी ओर, चांदी के दाम 8,269 रुपये यानी 5.25 फीसदी टूटकर 1,49,213 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। गौरतलब है कि सोने की कीमतों में पिछले कई दिनों से लगातार नरमी का दौर जारी है। राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोने के भाव में लगातार आठवें दिन गिरावट देखी गई थी, जहां एक दिन पहले ही 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये सस्ता हुआ था।
दिल्ली-मुंबई समेत देश के प्रमुख शहरों में सोने का ताजा भाव
सराफा बाजार की ताजा कीमतों की बात करें तो राजधानी दिल्ली में 20 नवंबर की सुबह 24 कैरेट सोने का भाव 1,25,720 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जबकि 22 कैरेट सोना 1,15,250 रुपये और 18 कैरेट सोना 94,330 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा। वहीं, आर्थिक राजधानी मुंबई के साथ-साथ कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में भी कीमतों में नरमी दिखी। इन चारों महानगरों में 24 कैरेट सोने का भाव 1,25,570 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोने का भाव 1,15,100 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने की कीमत 94,180 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करती नजर आई।
चांदी की खुदरा कीमतों में भी बड़ी नरमी, जानें गिरावट की असली वजह
सोने की तर्ज पर खुदरा बाजार में चांदी की कीमतों में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। 20 नवंबर की सुबह चांदी का खुदरा भाव 1,79,900 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में यह 2,500 रुपये टूटी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो वहां हाजिर सोना 3,614.59 डॉलर प्रति औंस और हाजिर चांदी 42.86 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रही है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे भारतीय रुपये की मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर सख्त रुख अपनाए जाने की आशंका मुख्य कारण है। इन्हीं वैश्विक और आर्थिक संकेतों के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
voice of india