Sunday , 29 November 2026

छठ का प्रसाद जूठा करने पर हैवान बनी मां, 4 साल की मासूम को पीट-पीटकर मार डाला; पिता बोला- पत्नी को दिलाऊंगा सख्त सजा

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से ममता को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठ पूजा का प्रसाद जूठा कर देने से गुस्साई एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। मां की इस हैवानियत में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

छठ का पकवान बनाते समय भड़का मां का गुस्सा

मिली जानकारी के अनुसार, यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 की है। गांव निवासी राजू पासवान की पत्नी रीना कुमारी घर में छठ महापर्व के लिए पकवान और प्रसाद तैयार कर रही थी। इसी दौरान उसकी चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी ने प्रसाद खाने की जिद पकड़ ली। मां ने मासूम को ऐसा करने से मना किया, लेकिन नासमझ बच्ची ने प्रसाद उठाकर उसे जूठा कर दिया। बस इसी बात पर रीना कुमारी अपना आपा खो बैठी और उसने गुस्से में आकर अपनी ही बेटी को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में सुहानी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद घबराई मां खुद उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंची, जहां इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।

घाट बनाने गए थे परिजन, घर में पसरा मातम

मृत बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के बाकी सदस्य छठ पूजा के लिए घाट तैयार करने गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर घर के भीतर यह दर्दनाक हादसा हो गया। राजू के परिवार में तीन बच्चे थे, जिनमें सात साल की बड़ी बेटी शिवानी कुमारी, चार साल की मृतका सुहानी कुमारी और डेढ़ साल का सबसे छोटा बेटा राजा कुमार शामिल हैं। नन्ही सुहानी की असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पूसा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मां को हिरासत में ले लिया।

पिता ने की कठोर सजा की मांग, जांच में जुटी पुलिस

अपनी लाडली बेटी को खोने के बाद पिता राजू पासवान गहरे सदमे और गुस्से में हैं। उन्होंने अपनी ही पत्नी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि वह उसे कठोर सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस पूरे मामले पर पूसा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में एक चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

IPL: दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा! आकाश अंबानी के एक फोन कॉल और इस खास वजह ने बदल दिया हिटमैन का फैसला

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले तीन साल बाद एक बार …