Sunday , 29 November 2026

बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 1.14 करोड़ का महाघोटाला: फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर तोड़ीं एफडी, सहायक प्रबंधक समेत दो गिरफ्तार; 22 लाख का सामान जब्त

ब्यूरो, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा (थाना बोरदेही) में खाताधारकों की गाढ़ी कमाई में सेंधमारी का बेहद सनसनीखेज और सुनियोजित मामला उजागर हुआ है। करीब 1.14 करोड़ रुपये के इस वित्तीय फर्जीवाड़े में बैंक के ही सहायक प्रबंधक (असिस्टेंट मैनेजर) लुकेश गोखे और उसके मुख्य सहयोगी गौरव सूर्यवंशी को पुलिस ने दबोच लिया है। इसके अलावा गिरोह में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) के खिलाफ भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, कार और मोबाइल सहित 22.33 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

आईडी का दुरुपयोग कर 10 बार बदले मोबाइल नंबर, जनवरी से चल रहा था खेल

पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में इस हाई-टेक बैंक घोटाले की परतें खुली हैं। मोरखा शाखा में यह फर्जीवाड़ा जनवरी 2026 से ही अंजाम दिया जा रहा था। सहायक प्रबंधक की आधिकारिक लॉगिन आईडी का गलत इस्तेमाल कर खाताधारकों के नेट बैंकिंग खातों से लिंक मोबाइल नंबरों को करीब 10 बार बदला गया, ताकि खाते से पैसा कटने पर असली खाताधारक को कोई अलर्ट या ओटीपी न मिले।

जिंदा ग्राहकों के बनवाए फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र, तोड़ीं फिक्स्ड डिपॉजिट

ठगों की शातिर चाल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने कई जीवित खाताधारकों के फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार करवा लिए। इसके बाद बैंक में खुद को उनका कानूनी वारिस या दावेदार प्रस्तुत कर उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तुड़वा ली और पूरी रकम हड़प ली। खातों से उड़ाई गई इस काली कमाई को रिश्तेदारों और अन्य फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर ठिकाने लगाया गया, जिससे लग्जरी कार, सोने-चांदी के गहने और अन्य संपत्तियां खरीदी गईं।

इन छह खाताधारकों के खातों में लगाई गई सेंध

खाताधारकों को जब खाते में विसंगतियों का पता चला तो बोरदेही थाने में छह अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए। इनमें शामिल हैं:

  • भोजराज सोनी: ₹5,50,000 का अवैध लेनदेन

  • ज्योति रघुवंशी: ₹4,86,175 की अनाधिकृत निकासी

  • फूलवंती: ₹2,74,000 का संदिग्ध ट्रांसफर

  • इंद्रेश रघुवंशी: ₹1,85,786 का फर्जी लेनदेन

  • रागिनी साहू: ₹1,55,371 की निकासी

  • विवेक सोनी: खाते से फर्जी फंड ट्रांसफर

नागपुर का निकला सहायक प्रबंधक, 22.33 लाख की संपत्ति बरामद

बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, एएसपी कमलेश खरपुसे और मुलताई एसडीओपी शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैयालाल उईके और साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे मूल रूप से ग्राम मोवाड (थाना नरखेड़, जिला नागपुर, महाराष्ट्र) का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी गौरव सूर्यवंशी मोरखा का ही रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 लाख रुपये मूल्य की कार, 8.28 लाख रुपये का सोना, 1.40 लाख रुपये की चांदी और 65 हजार रुपये कीमत के 6 मोबाइल फोन सहित कुल 22.33 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

एसपी की अपील: किसी से साझा न करें बैंकिंग विवरण, 1930 पर करें शिकायत

एसपी वीरेन्द्र जैन ने आम नागरिकों से सजग रहने की अपील की है। खाताधारकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पासबुक, बैंक स्टेटमेंट और लेन-देन से जुड़े एसएमएस की नियमित निगरानी करें। कभी भी अपना ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम पिन या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। यदि किसी खाते में अनाधिकृत या संदिग्ध लेन-देन दिखाई दे तो तत्काल बैंक शाखा, नजदीकी थाने अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Check Also

IPL: दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान नहीं बनना चाहते थे रोहित शर्मा! आकाश अंबानी के एक फोन कॉल और इस खास वजह ने बदल दिया हिटमैन का फैसला

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले तीन साल बाद एक बार …