
मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी के सबसे सफल और भरोसेमंद खिलाड़ियों में शुमार रहे कीरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। पोलार्ड अब श्रीलंका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने की जगह मुख्य कोच की बागडोर संभालेंगे। खिलाड़ी के तौर पर मुंबई को पांच आईपीएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले पोलार्ड इससे पहले तक टीम के बैटिंग कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
खिलाड़ी से कोच तक का सफर, MI कल्चर की गहरी समझ
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पोलार्ड की मुख्य कोच पद पर नियुक्ति खिलाड़ी और टीम के बीच के लंबे, अटूट और ऐतिहासिक रिश्ते को एक कदम और आगे बढ़ाती है। पोलार्ड को टीम के कल्चर, कार्यशैली और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा की गहरी समझ है। टी20 प्रारूप के विकास और आधुनिक खेल की पेचीदगियों को करीब से देखने वाले पोलार्ड के पास रणनीतिक सूझबूझ का लंबा अनुभव है, जिसका फायदा आने वाले सीजन में टीम को मिलेगा।
नीता अंबानी ने जताई खुशी, कहा- ’16 साल से हमारे परिवार का अटूट हिस्सा’
मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन नीता मुकेश अंबानी ने कीरोन पोलार्ड की नई जिम्मेदारी पर खुशी जाहिर करते हुए उनके प्रति पूरा भरोसा जताया है। नीता अंबानी ने कहा कि पोलार्ड महज 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस के खेमे से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों के सफर में वह हमारे परिवार का एक अभिन्न अंग बन चुके हैं। उन्होंने एक खिलाड़ी के तौर पर टीम को अनगिनत यादगार पल दिए और बाद में बैटिंग कोच के तौर पर भी अपने जुनून, अनुभव और खेल की बारीक समझ को साझा किया।
उन्होंने आगे कहा कि पोलार्ड बखूबी जानते हैं कि मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने का क्या अर्थ है और जीत की मानसिकता के लिए क्या जरूरी होता है। उन्हें पूरा विश्वास है कि पोलार्ड अपनी इस नई और बड़ी भूमिका में भी उसी निष्ठा, विश्वास और अडिग संकल्प के साथ काम करेंगे। उन्होंने टीम के नए अध्याय का नेतृत्व करने के लिए पोलार्ड को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
‘MI मेरी जिंदगी और करियर का सबसे बड़ा हिस्सा’: कीरोन पोलार्ड
मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच बनाए जाने पर कीरोन पोलार्ड ने फ्रेंचाइजी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस जैसी दिग्गज टीम की कमान संभालना उनके लिए बेहद सम्मान और गर्व की बात है। एमआई उनके जीवन और क्रिकेट करियर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। पोलार्ड ने कहा कि पहले एक खिलाड़ी और फिर कोचिंग स्टाफ के सदस्य के रूप में जुड़े रहने की वजह से वह गहराई से समझते हैं कि यह जर्सी और फ्रेंचाइजी किस बात का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने खुद पर विश्वास जताने के लिए नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे मुंबई इंडियंस प्रबंधन का धन्यवाद अदा किया।
voice of india