Tuesday , 20 October 2026

Shradha Dubey Case: खाकी पर भारी पड़ी मॉडल श्रद्धा दुबे की रसूख! शिवा हत्याकांड के 10 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से दूर, रिवॉर्ड बढ़ाकर हुआ 50 हजार

राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शुक्ला हत्याकांड में दस दिन बीत जाने के बाद भी हाईटेक पुलिस के हाथ खाली हैं। बड़े-बड़े गिरोहों और अपराधियों पर नकेल कसने वाली खाकी इस समय खुद को मॉडल व कथित ब्लैकमेलिंग क्वीन बताने वाली आरोपी श्रद्धा दुबे के सामने बेबस नजर आ रही है। पुलिस पर दबाव इस कदर बढ़ा कि लापरवाही के आरोप में हजरतगंज इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, फरारी के दौरान दिल्ली, नेपाल और कई शहरों के लग्जरी होटलों की सैर करने के बाद श्रद्धा अब राजधानी के इर्द-गिर्द पहुंच चुकी है। कोर्ट में सरेंडर अर्जी दाखिल करने के बीच उसने एक टीवी चैनल को इंटरव्यू देकर पुलिस तंत्र को खुली चुनौती दे डाली है।

25 से बढ़ाकर 50 हजार किया इनाम, फिर भी खाकी की पहुंच से दूर

9 अक्टूबर को अवध ग्रीन अपार्टमेंट से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर युवा कारोबारी शिवा शुक्ला की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे फरार चल रही है। पुलिस ने उस पर घोषित 25 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर भारी पुलिस बल के साथ सुल्तानगंज चौकी पहुंचे और अधिकारियों के साथ रणनीति बनाई। अफसरों का दावा है कि टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी को जल्द दबोच लिया जाएगा। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि आरोपी की लोकेशन लखनऊ के आसपास ही मिल रही है, फिर भी पुलिस उस तक पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है।

अज्ञात ठिकाने से मीडिया के सामने आई श्रद्धा, बोली- ‘मैंने हत्या नहीं की, वह सुसाइड था’

गिरफ्तारी और सरेंडर की खींचतान के बीच श्रद्धा दुबे ने एक गुप्त स्थान से मीडिया को तीन मिनट का वीडियो बयान जारी किया। पूरे मेकअप और बेफिक्र अंदाज में उसने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। श्रद्धा ने कहा, “किसी के कह देने भर से मैंने हत्या नहीं की है। वह पूरी तरह से एक सुसाइड था, जिसे मैंने अपनी आंखों से देखा। शिवा मेरी ही बिल्डिंग की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया था।”

उसने जांच पर सवाल उठाते हुए आगे कहा, “अगर मेरी बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज निकाले जाएं तो सच सामने आ जाएगा और मैं बेकसूर साबित हो जाऊंगी। पुलिस नेपाल बॉर्डर के फुटेज तो निकाल रही है, लेकिन अपार्टमेंट के कैमरे खंगालने में क्या दिक्कत आ रही है? मैं शिवा को केवल चार महीने से जानती थी। शुरुआती ढाई महीने वह सिर्फ एक दोस्त था और कभी मेरे घर नहीं आया। केवल पिछले दो महीनों से उसका आना-जाना शुरू हुआ था। उसकी मां मुझ पर झूठे आरोप लगा रही हैं।”

हजरतगंज में दिनभर मची रही अफरा-तफरी, फ्लैट से सामान जब्त

श्रद्धा के इस इंटरव्यू के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मध्य जोन के हजरतगंज इलाके में दिनभर पुलिस की गाड़ियां दौड़ती रहीं। पुलिस ने आरोपी के फ्लैट की तलाशी लेकर वहां मौजूद कई अहम दस्तावेज और सामान जब्त किए हैं। जिस बेखौफ अंदाज में आरोपी लगातार वीडियो जारी कर अपनी सफाई दे रही है, उससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पूरे शहर में नाकेबंदी कर पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि वह कोर्ट में सरेंडर करने से पहले दबोची जा सके।

 

Check Also

टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे अभिनेता; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी, सलमान खान से जुड़ा कनेक्शन आया सामने

मुंबई के जुहू इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बॉलीवुड के एक्शन स्टार …