नई दिल्ली। टेक्सास की सड़कों पर हाल ही में कुछ ऐसा नजारा देखने मिला, जिसने देखने वालों की आंखें खुली की खुली रख दीं। अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला (Tesla) ने अपनी नई जनरेशन की इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार ‘Tesla Roadster’ को एक बेहद रोमांचक इवेंट के दौरान दुनिया के सामने पेश किया। इस दौरान कार ने न सिर्फ हवा में लंबी छलांग लगाई, बल्कि आसमान में गुलाटी मारते हुए एक सेमी-ट्रक को भी पार कर लिया और अंत में किसी स्पेस रॉकेट की तरह अपने चारों पहियों पर जमीन पर उतरी।
यह किसी हॉलीवुड की साइंस-फिक्शन फिल्म का सीन नहीं, बल्कि टेस्ला का लाइव इवेंट था। इस हैरान करने वाली कार ने ऑटोमोबाइल जगत में रफ्तार और टेक्नोलॉजी की एक नई बहस छेड़ दी है। हर किसी के मन में बस यही सवाल है कि क्या एलन मस्क ने वाकई कोई उड़ने वाली कार बना दी है?
देखे VIDEO
0.81 सेकंड में 0 से 100 की रफ्तार का दावा, रॉकेट वेरिएंट में 10 थ्रस्टर्स
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने दावा किया है कि नई रोडस्टर महज 0.81 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। हालांकि, इस कार का सबसे बड़ा आकर्षण इसका ‘रॉकेट वेरिएंट’ है, जिसमें स्पेसएक्स (SpaceX) तकनीक से प्रेरित 10 थ्रस्टर्स और हवा में करतब दिखाने वाला विशेष फ्लाइट सिस्टम दिए जाने की बात कही गई है। इस सिस्टम में कंप्रेस्ड गैस का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसे कार में लगे कंप्रेसर खुद दोबारा चार्ज कर सकेंगे।
हालांकि, ऑटो विशेषज्ञों का मानना है कि इवेंट में दिखाए गए ये हैरतअंगेज स्टंट्स को आम सड़कों पर दौड़ने वाली प्रोडक्शन कार की सर्टिफाइड क्षमता मानना अभी जल्दबाजी होगी।
तीन अलग-अलग वेरिएंट्स में आएगी नई रोडस्टर
टेस्ला की रिजर्वेशन वेबसाइट के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को तीन प्रमुख वेरिएंट्स में उतारा जाएगा:
-
Performance वेरिएंट: यह शुरुआती मॉडल होगा, जिसमें कोई रॉकेट थ्रस्टर नहीं मिलेगा। भारत में इसके लिए 5,01,000 रुपये बुकिंग राशि और अगले 10 दिनों में 45,05,000 रुपये देने होंगे।
-
Thrust वेरिएंट: इसके पिछले हिस्से में एक्सीलरेशन बूस्टर दिए जाएंगे। इसके लिए शुरुआती बुकिंग 5,01,000 रुपये और आगे 2,45,24,000 रुपये तय की गई है। यह लिमिटेड यूनिट्स में आएगी।
-
Rocket वेरिएंट: यह सबसे खास और टॉप मॉडल है, जो सिंगल-सीटर (एक सीटर) होगा। इसमें 10 थ्रस्टर्स और फ्लाइट सिस्टम मिलेगा। इसे हर कोई नहीं खरीद पाएगा, बल्कि इसके लिए टेस्ला की ओर से खास ‘इन्विटेशन’ (न्योता) मिलना अनिवार्य होगा।
बिना रॉकेट के भी मिलेगी खास ‘सक्शन टेक्नोलॉजी’
नई रोडस्टर की खूबी सिर्फ थ्रस्टर्स तक सीमित नहीं है। टेस्ला का दावा है कि इसके सभी वेरिएंट्स में एक पंखे से चलने वाला खास सक्शन सिस्टम दिया जाएगा। यह सिस्टम कार को जमीन की तरफ खींचकर 2G तक का डाउनफोर्स पैदा करेगा, जिससे तेज रफ्तार में भी कार की स्टेबिलिटी और सड़क पर पकड़ बेजोड़ बनी रहेगी। इवेंट के दौरान कार को एक रैंप पर उल्टा चलते हुए भी दिखाया गया।
हालांकि, जानकारों का कहना है कि सामान्य सड़कों पर इन थ्रस्टर्स का शोर, स्पीड, ट्रैफिक नियम और कानूनी मंजूरियां (Road Legal Approval) हासिल करना एक बड़ी चुनौती होगी।
लंबी देरी के बाद 2028 में बाजार में आने की उम्मीद
टेस्ला ने सेकंड-जेनरेशन रोडस्टर को सबसे पहले साल 2017 में दुनिया के सामने रखा था, तब कंपनी ने 2020 तक इसकी डिलीवरी शुरू करने का वादा किया था। अब एक दशक का लंबा इंतजार होने के बाद कंपनी का कहना है कि यह कार 2028 तक बाजार में आ सकती है। हालांकि, टेस्ला की पुरानी आदतों को देखते हुए लॉन्चिंग की इस समयसीमा पर भी अभी संशय बना हुआ है।
2017 में कंपनी ने सिंगल चार्ज में करीब 1,000 किलोमीटर की रेंज देने का दावा किया था। बहरहाल, जब तक यह कार सड़क पर नहीं उतरती, तब तक इवेंट में दिखाई गई इसकी परफॉर्मेंस को कंपनी के दावों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
voice of india
