राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रदर्शन की अनुमति न होने के बावजूद राजधानी कूच की तैयारियों के बीच पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों सहित 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।
सुबह 7:48 बजे गुरुग्राम आवास में दाखिल हुई पुलिस, रात से ही था पहरा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की एक टीम सुबह 7:48 बजे ध्रुव राठी के गुरुग्राम स्थित सेक्टर 56, सेंट्रल पार्क विहार स्थित घर पर पहुंची। ध्रुव राठी की मां द्वारा दरवाजा खोले जाने के बाद पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए और उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ ले गए। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात से ही उनके आवास के बाहर करीब 50 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। बताया जा रहा है कि ध्रुव राठी शनिवार को जंतर-मंतर पर आयोजित सीजेपी के इस प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे।
जामिया छात्रों सहित 150 प्रदर्शनकारी हिरासत में, संसद मार्ग पर अलर्ट
धरना स्थल की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। जंतर-मंतर और संसद मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों के अलावा कनॉट प्लेस से भी कई लोगों को डिटेन कर बसों में भरकर अस्थायी डिटेंशन सेंटरों में भेजा गया है। इससे पहले बीती रात जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के कई छात्रों को भी एहतियातन हिरासत में लेकर थाने में बैठाया गया था। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
नॉर्थ-ईस्ट डीसीपी की दो टूक: ‘अनुमति नहीं है, शामिल होने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई’
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने स्पष्ट किया है कि सीजेपी को प्रदर्शन की कोई कानूनी मंजूरी नहीं दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि कानून-व्यवस्था संभालने के लिए जिले में 1200 पुलिसकर्मियों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। यूपी और गाजियाबाद से दिल्ली में दाखिल होने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। डीसीपी ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी लोग गाड़ियों में प्रदर्शनकारियों को लेकर आएंगे, उन्हें पहले वापस लौटने की समझाइश दी जाएगी; यदि वे नहीं माने तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस के पास पर्याप्त बल और संसाधन मौजूद हैं।
voice of india
