Thursday , 8 October 2026

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: सोनी हत्याकांड का 25 हजार का इनामी जेठ गोली लगने से घायल, तमंचा और बाइक बरामद

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस और शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाला 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। नगला खंगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोचकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।

खेत में कुल्हाड़ी से की थी बहू की हत्या, तभी से था फरार

एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला नगला खंगर क्षेत्र के कोरारी खेड़ा गांव का है। 2 अक्टूबर को कोरारी खेड़ा निवासी सोनी (पत्नी संदीप) की उसके ही सगे जेठ नेपाल सिंह ने खेत पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नेपाल सिंह मौके से फरार हो गया था। पुलिस की तीन टीमें लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया था।

बिरई अंडरपास के पास पुलिस से आमना-सामना, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

बुधवार को नगला खंगर पुलिस की टीम भदान चौराहे के निकट सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने जब उसे रुकने का संकेत दिया, तो उसने बाइक घुमाकर तेजी से भागने की कोशिश की। चेकिंग टीम ने फौरन वायरलेस के जरिए आगे मौजूद पुलिस बल को सतर्क कर दिया। बिरई अंडरपास की सर्विस रोड पर दूसरी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।

खुद को दोनों तरफ से घिरा देख आरोपी नेपाल सिंह ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक गोली नेपाल सिंह के पैर में जा लगी और वह बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

अवैध तमंचा, कारतूस और स्प्लेंडर बाइक बरामद

मुठभेड़ स्थल से तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 560 रुपये नकद बरामद किए।

पहले भी दर्ज हैं संगीन मुकदमे, बीएनएस की धाराओं में केस

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी नेपाल सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में भी नगला खंगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा चुका है। सोनी हत्याकांड के अलावा अब पुलिस पर फायरिंग करने के मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

कानपुर में थाई युवती से निकाह और धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा: ‘धर्म में दो शादी जायज, नहीं सोचा था भारत आएगी’, आरोपी इरफान गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेम प्रपंच, धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण के …