Tuesday , 6 October 2026

जयपुर में 5 करोड़ की राडो घड़ियों की डकैती: 36 मिनट में 251 लग्जरी घड़ियां पार, हरियाणा रोडवेज से भागे बदमाश, नेपाल तक पहुंची पुलिस की जांच

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के पॉश बजाज नगर थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध स्विटजरलैंड के लग्जरी ब्रांड राडो के शोरूम में हुई करीब 5 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। शातिर गिरोह ने महज 36 मिनट में वारदात को अंजाम देकर 251 बेशकीमती घड़ियां समेट ली थीं। पुलिस की सघन जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात के तुरंत बाद चार बदमाश सिंधी कैंप बस स्टैंड पहुंचे और वहां से हरियाणा रोडवेज की बस पकड़कर फरार हो गए, जबकि कुछ अन्य साथियों के ट्रेन के जरिए भागने का अंदेशा है।

सीसीटीवी में लंगड़ाता दिखा भारी शरीर वाला आरोपी, साथियों ने दिया सहारा जयपुर और उसके सीमावर्ती इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को एक बेहद अहम सुराग मिला है। एक फुटेज में गिरोह का एक आरोपी गंभीर रूप से घायल अवस्था में लंगड़ाते हुए नजर आया। उसका शरीर काफी भारी-भरकम था और भागदौड़ के दौरान चोटिल होने के कारण वह सही से चल भी नहीं पा रहा था। उसके दो साथी उसे अपने कंधों पर सहारा देकर ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस अब तक इस अंतरराज्यीय गिरोह के छह शातिर बदमाशों की पहचान कर चुकी है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

सड़क पर तीन पहरेदार, पूरी रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि बदमाशों ने पूरी वारदात की पहले से फुलप्रूफ प्लानिंग और इलाके की सघन रेकी की थी। वारदात के वक्त गिरोह के सभी सदस्य शोरूम के भीतर नहीं घुसे थे। तीन शातिर बदमाश बाहर सड़क पर खड़े होकर ‘वॉचमैन’ की तरह निगरानी कर रहे थे। उनका मुख्य काम रास्ते से गुजरने वाले वाहनों, स्थानीय लोगों और किसी भी संभावित पुलिस गश्त या खतरे पर नजर रखना था ताकि अंदर मौजूद साथियों को फौरन अलर्ट किया जा सके।

120 पुलिसकर्मियों की फौज तैनात, 1100 कैमरों के फुटेज खंगाले डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, मामले के खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कमिश्नरेट स्पेशल टीम (CST), ईस्ट डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) और विभिन्न थानों के 120 पुलिसकर्मियों का एक बड़ा दस्ता मैदान में उतारा गया है। 30 पुलिसकर्मी केवल सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रहे हैं, जो अब तक 1100 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त 10 से ज्यादा साइबर और तकनीकी विशेषज्ञ डिजिटल साक्ष्यों के जरिए गिरोह के रूट को ट्रैक कर रहे हैं।

नेपाल में घड़ियां खपाने की साजिश, दिल्ली-गाजियाबाद से लेकर काठमांडू तक दबिश पुलिस को खुफिया इनपुट मिले हैं कि इतनी भारी तादाद में चोरी की गई लग्जरी घड़ियों को स्थानीय बाजार के बजाय पड़ोसी मुल्क नेपाल में खपाया जा सकता है। इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन के सामने आने के बाद राजस्थान पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और सीमावर्ती इलाकों में जाल बिछा दिया है। घड़ियों की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष जांच दल को नेपाल भी रवाना किया गया है।

36 मिनट का खौफनाक ऑपरेशन: शटर उखाड़कर 251 लग्जरी घड़ियां समेटीं यह दुस्साहसिक वारदात गुरुवार अलसुबह करीब 5 से 7 बजे के दरमियान हुई थी। टोंक रोड स्थित ‘द वॉच फैक्ट्री’ शोरूम को लगभग 13 नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने बेहद पेशेवर अंदाज में शोरूम के मजबूत शटर को उखाड़ा और भीतर दाखिल हुए। मात्र 36 मिनट के भीतर लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य की 251 कीमती राडो घड़ियां बैगों में भरकर फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और मूवमेंट ट्रैकिंग के आधार पर जल्द ही पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जाएगा।

 

Check Also

WCL Season 3: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स से बाहर हुई पाकिस्तान की टीम, PCB ने नहीं दी NOC; शाहिद अफरीदी समेत कई दिग्गज टूर्नामेंट से बाहर

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के आगामी तीसरे सीजन से क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक …