
नई दिल्ली/लखनऊ: आधार कार्ड धारकों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। यदि आपने पहले कभी अपने आधार कार्ड में जन्मतिथि (Date of Birth) अपडेट कराई है और अब दोबारा बदलाव कराने की सोच रहे हैं, तो इसके लिए तैयार नियमों का सामना करना होगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) दूसरी बार जन्मतिथि में बदलाव की प्रक्रिया को और अधिक कड़ा करने जा रहा है। वर्तमान में दूसरी बार संशोधन से जुड़े आवेदनों पर अस्थायी रोक लगी हुई है और नई पारदर्शी व्यवस्था के तहत 15 अक्टूबर से यह सुविधा दोबारा शुरू होने की संभावना है।
सामान्य प्रक्रिया से सिर्फ एक बार ही संभव है बदलाव
UIDAI के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार, कोई भी नागरिक सामान्य प्रक्रिया के तहत अपने आधार कार्ड में जन्मतिथि को केवल एक बार ही अपडेट करा सकता है। यदि इसके बाद दोबारा संशोधन की आवश्यकता पड़ती है, तो इसे सामान्य प्रक्रिया से नहीं बदला जा सकता। इसके लिए आवेदक को ‘एक्सेप्शनल हैंडलिंग’ (अपवाद स्वरूप विशेष प्रक्रिया) से गुजरना पड़ता है। अब इस प्रक्रिया की स्क्रूटनी को और कड़ा किया जा रहा है ताकि केवल पूरी तरह प्रमाणित और अनिवार्य मामलों में ही संशोधन हो सके।
15 अक्टूबर से लागू हो सकती है नई व्यवस्था
विभागीय सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से दूसरी बार जन्मतिथि बदलने के आवेदनों की प्रक्रिया रोकी गई है ताकि नया व सुदृढ़ सत्यापन तंत्र पूरी तरह तैयार किया जा सके। 15 अक्टूबर से इस विशेष प्रक्रिया को नए और अधिक सख्त दिशा-निर्देशों के साथ फिर से सक्रिय किए जाने की तैयारी है। नए नियमों के लागू होने के बाद आवेदक द्वारा प्रस्तुत किए गए जन्म प्रमाण पत्र या अन्य वैध दस्तावेजों का कई स्तरों पर गहन सत्यापन किया जाएगा।
फर्जीवाड़े और नौकरी में उम्र के खेल पर नकेल कसना मकसद
प्राधिकरण के सामने रोजाना ऐसे सैकड़ों मामले आ रहे थे, जहां लोग एक से अधिक बार अपनी जन्मतिथि में बदलाव के लिए आवेदन कर रहे थे। आंकड़ों के मुताबिक, इस तरह के आवेदनों में उत्तर प्रदेश और बिहार सबसे आगे हैं, जिनमें बहुतायत युवाओं की है। जांच में यह बात सामने आई है कि सरकारी व अन्य नौकरियों में उम्र सीमा की छूट पाने और अतिरिक्त अवसर हासिल करने के इरादे से लोग बार-बार जन्मतिथि में फेरबदल कराने की कोशिश करते हैं। इस प्रकार की धांधली और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से ही नियमों को सख्त किया जा रहा है।
voice of india