Friday , 2 October 2026

LPU में उपद्रव: मिग विमान पर चढ़कर फोटो खिंचवाने वाला नाबालिग छात्र हिमाचल से गिरफ्तार, चांसलर ने जताई थी सेना के अपमान पर नाराजगी

जालंधर/मंडी: पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर में हाल ही में भड़की हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया है। पकड़ा गया आरोपी एलपीयू का ही छात्र बताया जा रहा है, जिसके पिता मंडी में उपायुक्त (DC) कार्यालय में बतौर अधिकारी कार्यरत हैं।

आग की लपटों के बीच मिग पर चढ़ा था आरोपी, तस्वीर हुई थी वायरल

जांच अधिकारियों के अनुसार, परिसर में हुए उपद्रव के दौरान इस छात्र की एक तस्वीर सोशल मीडिया मंचों पर तेजी से प्रसारित हुई थी। वायरल तस्वीर में वह यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थापित लड़ाकू विमान पर खड़ा दिख रहा था और पृष्ठभूमि में आग की भीषण लपटें उठती नजर आ रही थीं। इंटरनेट पर कुछ लोगों द्वारा इस कृत्य को ‘नायक’ की तरह पेश कर वायरल किया गया था। पुलिस का कहना है कि वायरल तस्वीर और डिजिटल फुटेज के आधार पर उसकी संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

चांसलर बोले- मिग और टैंक पर चढ़ना भारतीय सेना का सीधा अपमान

यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित मिग-23 लड़ाकू विमान और 1971 के भारत-पाक युद्ध में इस्तेमाल किए गए ऐतिहासिक टैंक पर उपद्रवियों के चढ़ने की घटना पर एलपीयू के चांसलर और राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। मित्तल ने स्पष्ट कहा कि ये सैन्य उपकरण देश के वीर जवानों के शौर्य के प्रतीक और युवाओं में देशभक्ति की प्रेरणा जगाने के लिए लगाए गए थे। उपद्रव के दौरान इन पर चढ़कर हुड़दंग मचाना भारतीय सेना और राष्ट्र के सम्मान का सीधा अनादर है।

अब तक 12 लोग गिरफ्तार, 40 की हो चुकी है पहचान

चांसलर अशोक मित्तल ने जानकारी दी कि हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पकड़े गए आरोपियों में दो से तीन बाहरी युवक हैं, जबकि शेष अधिकांश एलपीयू के ही छात्र हैं। पुलिस प्रशासन सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रहा है। मामले में अब तक करीब 40 उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है और अन्य संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Check Also

देवरिया में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर खूनी संघर्ष: RSS कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव के बाद पुलिस-SOG तैनात

देवरिया उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर छिड़ा …