
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मैनपुरी रेलवे ट्रैक पर राहतपुरा रेलवे फाटक के पास हुआ, जहां दोनों छात्र अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बुधवार शाम राहतपुरा फाटक के पास घटी घटना जानकारी के अनुसार, पुराना भरथना निवासी सुनील श्रीवास्तव का 19 वर्षीय पुत्र रोहन श्रीवास्तव और औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर बेनी निवासी खलील की 18 वर्षीय पुत्री नगमा उर्फ सोनी मैकेनिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्रा हैं। दोनों बुधवार शाम मैनपुरी रेलवे ट्रैक पर राहतपुरा फाटक के पास मौजूद थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में दोनों आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित किया हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत 19 वर्षीय रोहन श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल छात्रा नगमा उर्फ सोनी को प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस हादसे की खबर मिलते ही दोनों विद्यार्थियों के परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक रोहन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों विद्यार्थी रेलवे ट्रैक के पास किन परिस्थितियों में पहुंचे और हादसा कैसे हुआ, इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से बातचीत कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
voice of india