Wednesday , 30 September 2026

एशियाई खेल: तीरंदाजी में भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर जीता 7वां गोल्ड; पदकों की संख्या 53 पहुंची

नई दिल्ली। एशियाई खेलों में भारतीय महिला तीरंदाजों ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। भारत ने दिन की धमाकेदार शुरुआत करते हुए महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिखिता तनिपर्थी की त्रिमूर्ति ने फाइनल मुकाबले में चीनी टीम को एकतरफा अंदाज में मात देकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस शानदार जीत के साथ ही भारत के पदकों का कुल आंकड़ा 53 तक पहुंच गया है।

चीन को 4 अंकों से दी पटखनी, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी स्वर्ण पदक के लिए खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल में भारतीय तिकड़ी ने असाधारण एकाग्रता और सटीकता का परिचय दिया। भारत ने फाइनल में 238 का ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया, जबकि चीनी टीम 234 अंक ही जुटा सकी। 238 के स्कोर के साथ भारतीय बेटियों ने महिला कंपाउंड तीरंदाजी के फाइनल में सर्वाधिक स्कोर के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। इससे पहले यह विश्व रिकॉर्ड दक्षिण कोरिया के नाम दर्ज था, जिन्होंने साल 2014 में 238 का स्कोर बनाया था।

24 में से 22 परफेक्ट 10: अचूक निशाने से दंग रह गए प्रतिद्वंद्वी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा ऐसा था कि मजबूत मानी जाने वाली चीनी टीम पूरी तरह से बैकफुट पर नजर आई। छह-छह तीरों के चार राउंड में कुल 24 शॉट लगाए जाने थे। भारतीय खिलाड़ियों ने अद्भुत नियंत्रण दिखाते हुए 24 में से 22 तीरों पर सीधे ‘परफेक्ट 10’ पर निशाना साधा। केवल दो तीर नौ अंक के घेरे में गए। इस अविश्वसनीय सटीकता ने प्रतिद्वंद्वी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

भारत पदक तालिका में 9वें स्थान पर, पदकों का अर्धशतक पार तीरंदाजी में आए इस स्वर्णिम पदक के साथ भारत के खाते में अब 7 स्वर्ण, 21 रजत और 25 कांस्य समेत कुल 53 पदक दर्ज हो चुके हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गया है। पदकों की दौड़ में एथलेटिक्स का दबदबा कायम है, जहां से भारत को सर्वाधिक 24 पदक हासिल हुए हैं। वहीं निशानेबाजी (शूटिंग) ने 14 पदकों के साथ दूसरा सबसे बड़ा योगदान दिया है।

खेलवार भारतीय पदकों का ब्योरा

  • तीरंदाजी: 1 स्वर्ण, 0 रजत, 0 कांस्य (कुल: 1)

  • एथलेटिक्स: 1 स्वर्ण, 9 रजत, 14 कांस्य (कुल: 24)

  • शूटिंग: 2 स्वर्ण, 8 रजत, 4 कांस्य (कुल: 14)

  • कबड्डी: 2 स्वर्ण, 0 रजत, 0 कांस्य (कुल: 2)

  • क्रिकेट: 1 स्वर्ण, 0 रजत, 0 कांस्य (कुल: 1)

  • स्क्वॉश: 0 स्वर्ण, 2 रजत, 1 कांस्य (कुल: 3)

  • भारोत्तोलन: 0 स्वर्ण, 1 रजत, 0 कांस्य (कुल: 1)

  • वुशु: 0 स्वर्ण, 1 रजत, 0 कांस्य (कुल: 1)

  • बैडमिंटन: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • कुराश: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • रोइंग: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • सॉफ्ट टेनिस: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • टेबल टेनिस: 0 स्वर्ण, 0 रजत, 1 कांस्य (कुल: 1)

  • कुल: 7 स्वर्ण, 21 रजत, 25 कांस्य (कुल पदक: 53)

स्क्वॉश: सिंगापुर के खिलाफ 1-0 की बढ़त, मेडल पक्का करने की दहलीज पर भारत तीरंदाजी के बाद स्क्वॉश कोर्ट से भी भारत के लिए उत्साहजनक खबर सामने आ रही है। महिला टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत का सामना सिंगापुर से हो रहा है। भारतीय स्टार खिलाड़ी तान्वी खन्ना ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहला मैच जीत लिया है। तान्वी ने कड़े संघर्ष के बाद चार गेम के मुकाबले में औ येओंग को 11-6, 4-11, 15-13, 11-1 से शिकस्त दी। अब कोर्ट पर अनाहत सिंह और अनुभवी जोशना चिनप्पा की बारी है। यदि भारतीय टीम यह मुकाबला अपने नाम कर लेती है, तो स्क्वॉश में भारत का एक और पदक पक्का हो जाएगा।

 

Check Also

पटना में कोचिंग से लौट रही 10वीं की छात्रा से छेड़खानी और मारपीट, CCTV में कैद हुए मनचले; दूसरे मामले में दुष्कर्म का मुख्य आरोपी होटल संचालकों संग गिरफ्तार

पटना। बिहार की राजधानी पटना में महिला सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े हो …